बोले : अवैध कारोबारियों को अब जेल जाना होगा
बालूरघाट: पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित और नशीले पदार्थों के खिलाफ सरकार ने सख्ती का संदेश दिया है। बुधवार को बालूरघाट में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जब्त की गई प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने हुई इस कार्रवाई में मुख्यमंत्री खुद रोड रोलर पर सवार हुए और सिरप की बोतलों पर मशीन चलाकर उन्हें नष्ट किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान का सबसे बड़ा उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। उन्होंने कहा, “मेरे अभियान का मुख्य संदेश यही है कि युवाओं को नशे की लत की जकड़ से बचाया जाए।”
बीएसएफ-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जब्ती
सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक, पिछले चार महीनों के दौरान बीएसएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस ने संयुक्त अभियानों में इन प्रतिबंधित कफ सिरप को जब्त किया था। प्रशासन ने जब्त खेप को नष्ट करने के लिए रोड रोलर का इस्तेमाल किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “बीएसएफ और पुलिस ने पिछले चार महीनों में संयुक्त अभियानों के दौरान ये नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। हमने इन्हें प्रतीकात्मक रूप से नष्ट कर दिया है। हम पश्चिम बंगाल को भी नशा-मुक्त बनाएंगे। यही संदेश है।”
बांग्लादेश भेजने की थी तैयारी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब्त की गई कफ सिरप की खेप को बांग्लादेश में तस्करी के जरिए भेजने की तैयारी थी। उन्होंने कहा कि सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुवेंदु ने चेतावनी देते हुए कहा, “ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को जेल में कई साल बिताने होंगे।”
रोड रोलर से नष्ट करने का तरीका पहले भी अपनाया गया
जब्त अवैध सामान या नशीले पदार्थों को रोड रोलर से नष्ट करने की कार्रवाई पहले भी देश के कई राज्यों में सामने आ चुकी है। गुजरात और बिहार में जब्त शराब की बोतलों को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया जा चुका है।
पिछले साल जुलाई में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी जब्त नशीले पदार्थों को रोड रोलर से नष्ट करने की कार्रवाई में हिस्सा लिया था। अब बालूरघाट में इसी तरह की कार्रवाई के जरिए पश्चिम बंगाल सरकार ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा संदेश देने की कोशिश की है।
‘नशा-मुक्त भारत‘ बनाने का लक्ष्य
केंद्र सरकार ने 2029 तक ‘नशा-मुक्त भारत’ बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा है, “एक पल का नशा किसी की पूरी ज़िंदगी को बर्बादी की ओर धकेल सकता है।” अब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी युवाओं से नशे की लत से बाहर निकलने का आह्वान किया है।





























