परिजन का इलाज कराने नलहाटी से आई थीं कोलकाता
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित एसएसकेएम अस्पताल में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान राहिदा बीबी (46) के रूप में हुई है। वह बीरभूम के नलहाटी से अपनी एक रिश्तेदार को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल लेकर आई थीं।
हादसा अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग के ओपीडी के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह राहिदा बीबी कुछ अन्य लोगों के साथ विभाग के बाहर बने कंक्रीट के बेंच पर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक एक पेड़ टूटकर उनके ऊपर गिर गया।
पेड़ गिरने से तीन लोग घायल
पेड़ गिरने की चपेट में आने से राहिदा बीबी के अलावा 68 वर्षीय जिलार रहमान और 76 वर्षीय शिस मोहम्मद शेख भी घायल हुए हैं। दोनों का एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में इलाज चल रहा है।
गंभीर रूप से घायल राहिदा को भी तत्काल ट्रॉमा केयर सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रिश्तेदार के इलाज के लिए नलहाटी से आई थीं राहिदा
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, राहिदा बीबी की रिश्तेदार अकलीमा बीबी एसएसकेएम के यूरोलॉजी विभाग में भर्ती हैं। अकलीमा भी बीरभूम के नलहाटी की रहने वाली हैं। उनकी देखभाल के लिए ही राहिदा नलहाटी से कोलकाता आई थीं।
यूरोलॉजी विभाग के बाहर मरीजों के परिजनों के बैठने के लिए कंक्रीट की बेंच लगाई गई है। सोमवार सुबह राहिदा और कुछ अन्य लोग इसी बेंच पर बैठे थे। तभी अचानक पेड़ गिर गया और वहां बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए।
दक्षिण बंगाल में बारिश के बीच हुआ हादसा
रविवार से निम्न दबाव के प्रभाव के कारण कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। इसी खराब मौसम के बीच सोमवार सुबह एसएसकेएम अस्पताल परिसर में यह पेड़ गिर गया।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि घटना को लेकर अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
नेफ्रोलॉजी विभाग के सामने भी गिरा पेड़
एसएसकेएम अस्पताल परिसर में इसी दौरान नेफ्रोलॉजी विभाग के सामने एक केले का पेड़ भी गिर गया। इस घटना में भी एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है।





























