कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पूर्व मंत्री और सुजापुर से तृणमूल कांग्रेस की मौजूदा विधायक सबीना यास्मीन गुरुवार को मालदा के बजाय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के कोलकाता कार्यालय पहुंचीं। उन्हें SIR के दौरान मालदा के मोथाबाड़ी इलाके में हुए विवाद और न्यायिक अधिकारियों से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए तलब किया गया था।
मालदा में पेश होने का था निर्देश
NIA की ओर से 22 सितंबर को जारी निर्देश के मुताबिक सबीना यास्मीन को 24 सितंबर सुबह करीब 11 बजे कालियाचक थाने में उपस्थित होना था। NIA की टीम और स्थानीय पुलिस भी पूछताछ के लिए वहां मौजूद थी। हालांकि, सबीना मालदा नहीं पहुंचीं।
सबीना यास्मीन ने बताया कि उनके पति मेहेबूब आलम, जिन्हें निलोम के नाम से भी जाना जाता है, बीमारी के कारण कोलकाता के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती हैं। उनकी गॉल ब्लैडर की सर्जरी हुई है। इसी वजह से उन्होंने मालदा जाने में असमर्थता जताई थी। उन्होंने NIA से कहा था कि अगर उन्हें कोलकाता कार्यालय में बुलाया जाता है तो वह जांच में शामिल होंगी।
इसके बाद कोलकाता ऑफिस पहुंचीं सबीना
रिपोर्टों के मुताबिक बाद में सबीना यास्मीन कोलकाता स्थित NIA कार्यालय पहुंचीं। इस तरह उन्होंने मालदा में निर्धारित पेशी के बजाय कोलकाता में जांच एजेंसी के सामने उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा।
किस मामले में हुई पूछताछ?
मामला मालदा के मोथाबाड़ी इलाके में SIR प्रक्रिया के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा है। रिपोर्टों के अनुसार, अप्रैल 2026 में कालियाचक-2 ब्लॉक कार्यालय में SIR से संबंधित काम कर रहे न्यायिक अधिकारियों को कथित तौर पर भीड़ ने घेर लिया था। अधिकारियों को कई घंटे तक वहां से निकलने नहीं दिया गया और उनके वाहनों पर भी हमले के आरोप लगे थे। घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन और जाम की बात भी सामने आई थी। बाद में मामले की जांच NIA को सौंपी गई।
पति से भी हो चुकी है पूछताछ
इसी मामले की जांच के सिलसिले में सबीना यास्मीन के पति मेहेबूब आलम से भी NIA पहले पूछताछ कर चुकी है। अब सबीना यास्मीन को भी जांच में शामिल किया गया है।































