- रत्ना ने शुभेंदु से मांगा हस्तक्षेप, विधायक ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
कोलकाता : उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी के बीच हुई मारपीट में भाजपा नेत्री के पति अरूप साहा की मौत हो गई। शनिवार को एक व्यवसायी की पिटाई की घटना का विरोध करने पर भाजपा की पानीहाटी-1 मंडल की सचिव रूमा साहा के साथ कथित तौर पर उनकी ही पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने गाली-गलौज की। पत्नी के अपमान का विरोध करने पर उनके पति अरूप साहा के साथ मारपीट की गई।
रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार को एक व्यवसायी की पिटाई की घटना के विरोध में भाजपा नेत्री रूमा साहा ने आवाज उठाई थी। आरोप है कि इसके बाद पार्टी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। पत्नी के अपमान का विरोध करने पर अरूप साहा पर हमला किया गया। वह भी भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे।आरोप है कि युवकों के एक समूह ने अरूप के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। शनिवार रात उन्हें सागर दत्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आए लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया।घटना को लेकर रविवार को इलाके में एक बार फिर तनाव फैल गया। इस बीच पानीहाटी की विधायक रत्ना ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने भाजपा के उत्तर कोलकाता उपनगरीय जिला अध्यक्ष चंडीचरण राय पर भी कई आरोप लगाते हुए पार्टी के अंदर समन्वय की कमी पर सवाल उठाए।मृतक अरूप की पत्नी रूमा साहा ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच वह कांकिनाड़ा स्थित पार्टी कार्यालय से घर लौट रही थीं।
रास्ते में बाजार में एक दुकान के सामने कुछ युवकों को आपस में बहस करते देखा। उन्होंने युवकों को बुलाकर विवाद की वजह पूछी और मामला शांत कर सभी को घर जाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस मामले की जानकारी विधायक को देंगी।रूमा के अनुसार, घर लौटने के कुछ देर बाद उन्हें फोन आया कि घटनास्थल पर फिर से हंगामा हो रहा है। इसके बाद वह दोबारा वहां पहुंचीं। उनके साथ उनके पति अरूप भी थे।रूमा ने आरोप लगाया, “वहां राजदीप, राजा तहसीलदार, सुजीत विश्वास उर्फ ननी समेत करीब 40-50 युवक मौजूद थे। इनमें निर्मल घोष के समर्थक भी थे। जब मैंने स्थिति शांत करने की कोशिश की तो पायल और राजा तहसीलदार मेरी ओर बढ़ने लगे। यह देखकर मेरे पति ने विरोध किया। तभी राजा तहसीलदार समेत कुछ लोगों ने उनके सीने पर धक्का मारकर उन्हें पीछे धकेल दिया।”रूमा का दावा है कि उन्हें भी धमकी दी गई। स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने थाने में फोन किया, लेकिन थाना प्रभारी (आईसी) ने उन्हें पुलिस कमिश्नरेट में फोन करने को कहा। इसके बाद वह अपने पति के साथ घर लौट आईं। रूमा ने बताया, “घर पहुंचने के बाद अरूप की आंखें और चेहरा पलटने लगे। उनमें बात करने की भी ताकत नहीं बची थी।”भाजपा के जिला अध्यक्ष पर भी विधायक ने लगाए आरोपभाजपा नेत्री को सांत्वना देने पहुंचीं विधायक रत्ना ने इस दौरान पार्टी के भीतर की स्थिति को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष चंडीचरण राय ने पानीहाटी के विभिन्न वार्डों में अपनी पसंद के लोगों को संयोजक नियुक्त किया है। इनमें ज्यादातर वे लोग हैं, जो तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं।विधायक का आरोप है कि तृणमूल से भाजपा में आए कुछ लोग ही इलाके में अशांति फैला रहे हैं। उन्होंने पानीहाटी मंडल-1 के युवा अध्यक्ष और 14 नंबर वार्ड के एक नेता पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा जिला अध्यक्ष के खिलाफ भी नाराजगी जताई।रत्ना ने कहा, “पानीहाटी के सभी 29 वार्डों में अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन जिला अध्यक्ष का उनके साथ कोई समन्वय नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि चंडीचरण राय उन्हें पसंद नहीं करते। उनका यह भी कहना है कि चुनाव परिणाम आने के बाद जो लोग भाजपा में शामिल हुए, उन्हें पार्टी में अधिक महत्व दिया जा रहा है।प्रशासन की भूमिका पर भी सवालविधायक रत्ना ने इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई बार प्रशासन को सूचित किया गया, लेकिन हालात में कोई बदलाव नहीं आया। पानीहाटी के विभिन्न वार्डों में मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।उन्होंने कहा, “जो गलत काम करेगा, वह तृणमूल का हो या भाजपा का, वह अपराधी है। उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।”विधायक ने बताया कि तीन-चार दिन पहले ही उन्होंने मुख्यमंत्री को पानीहाटी की स्थिति से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार उन्होंने कदम भी उठाए हैं। रत्ना ने रूमा साहा के परिवार के साथ खड़े होने की बात कही और घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।इस मामले में भाजपा के दूसरे गुट ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की हिरासत या गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।































