पंजाबी सूफी बैंड की प्रस्तुतियों ने बांधा समां,कोलकाता में जुटे व्यापार जगत, प्रशासन और आध्यात्मिक क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियां; मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, मंत्री तापस राय समेत कई गणमान्य अतिथियों ने की शिरकत
कोलकाता : कन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशंस (CWBTA) की ओर से शुक्रवार, 13 नवंबर को कोलकाता के द ट्यूलिप, पी. सी. चंद्रा में भव्य ‘बिजया एवं दीपावली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजी इस शाम में व्यापार जगत, प्रशासन और आध्यात्मिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी सूफी बैंड ‘कुरबतसूफी’ (Qurbatsufi) की शानदार लाइव प्रस्तुति रही, जिसने अपनी सुरीली धुनों से उपस्थित मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस विशेष आयोजन में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, मंत्री तापस राय, कार्तिक महाराज, संतोष पाठक, स्वामी विजय अमृतानंद पुरी और भूटान कॉन्सुलेट के प्रतिनिधि सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से CWBTA के सदस्य बड़ी संख्या में समारोह में शामिल हुए।
सूफी संगीत और बॉलीवुड गीतों पर झूमे मेहमान
समारोह की सबसे बड़ी खासियत पंजाबी सूफी बैंड ‘कुरबतसूफी’ की लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस रही। राहुल छछिया के नेतृत्व में बैंड के कलाकारों ने सूफी संगीत, बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों और विभिन्न संगीत शैलियों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
संगीत की विविधता और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। कभी सूफी धुनों की मिठास तो कभी बॉलीवुड गीतों की लोकप्रियता ने शाम को यादगार बना दिया। उपस्थित अतिथियों और व्यापारिक समुदाय के सदस्यों ने इस संगीतमय कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
व्यापारिक समुदाय की एकजुटता का संदेश
CWBTA की ओर से आयोजित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक समुदाय के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करना था। बिजोया की शुभकामनाओं और दीपावली की खुशियों को साझा करने के साथ इस आयोजन ने विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर मिलने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और सदस्यों ने एक-दूसरे को बिजोया एवं दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रात्रिभोज के साथ समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण और खुशनुमा माहौल में हुआ।
CWBTA के पदाधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में CWBTA के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संगठन के अध्यक्ष सुशील पोद्दार, उपाध्यक्ष प्रदीप लुहारिवाला एवं सी. के. वरदराजन, मानद सचिव जे. एल. बड़िया, बिनोद संचेती और संयोजक प्रदीप खेतान ने आयोजन की जिम्मेदारियों को संभाला।
कार्यक्रम का मंच संचालन CWBTA की CEO करिश्मा खन्ना ने किया। अपने सहज, प्रभावशाली और आकर्षक अंदाज में उन्होंने पूरे समारोह को गरिमामय बनाए रखा और कार्यक्रम के विभिन्न पड़ावों को खूबसूरती से आगे बढ़ाया।
व्यापारिक संगठनों को एक मंच पर लाने की पहल
यह आयोजन केवल त्योहारों की खुशियां साझा करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पश्चिम बंगाल के व्यापारिक समुदाय की एकजुटता, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता नजर आया। विभिन्न क्षेत्रों और व्यापारिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।































