बातचीत मुख्य रूप से स्थानीय विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक मामलों पर केंद्रित रही।
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ मंगलवार को एनसीपीआई के सांसदों ने अपने संसदीय क्षेत्र में विकास के बारे में चर्चा की।बंग भवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद एनसीपीआई के सांसदों ने यह बात कही। बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे मौजूद थे। बैठक में कुल 22 सांसद शामिल हुए। इनमें सुदीप बंद्योपाध्याय, काकोली घोष दस्तीदार और शताब्दी रॉय समेत 19 सांसद शामिल थे।बैठक में राज्यसभा के तीन सांसद-सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बारिकभी मौजूद थे, जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है। सुवेंदु ने 22 सांसदों के साथ लगभग एक घंटे तक बैठक की। बैठक के बाद, वे बंगा भवन से संसद के लिए रवाना हो गए।
क्या रहा चर्चा का विषय
NCPI सांसद शताब्दी राय ने कहा कि NCPI या पार्टी की राजनीति को लेकर कोई खास चर्चा नहीं हुई; बातचीत मुख्य रूप से स्थानीय विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक मामलों पर केंद्रित रही। बैठक बहुत अच्छी और सार्थक रही। जल्द ही हम मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ औपचारिक बैठक के लिए नवान्न भी जाएंगे।
अटकलों को हवा
सांसद रचना बनर्जी ने यह कहकर अटकलों को हवा दी कि, “हम बीस लोग हैं। यह संख्या बढ़ सकती है।” जब उनसे पूछा गया कि कौन शामिल हो सकता है, तो रचना ने जवाब दिया, “खुद ही अंदाज़ा लगा लीजिए।” सुखेंदु शेखर ने बैठक को केवल एक शिष्टाचार भेंट बताया । प्रकाश चिक बारिक ने कहा कि चर्चा मुख्य रूप से विकास पर केंद्रित थी। मंगलवार सुबह दिल्ली में हुई NDA की अहम बैठक में सुदीप, काकोली और शताब्दी तो शामिल हुए, लेकिन तीन सांसद—अबू ताहिर, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान गैर-हाजिर थे। वे पिछली बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे, जिससे उनकी गैर-मौजूदगी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। सुवेंदु की बुलाई गई बैठक में वे शामिल हुए। NDA की बैठक में शामिल न होने के बारे में अबू ताहिर ने कहा, “हम न तो NDA में हैं और न ही BJP में।”





























