कोलकाता: बेहला स्थित एम.पी. बिड़ला फाउंडेशन हायर सेकेंडरी स्कूल’ के निकट 10 कट्ठा की एक खाली जमीन को स्थानीय एक क्लब द्वारा कब्जा करने का मामला सामने आया है । स्कूल प्रबंधन अपनी इस जमीन को स्थानीय क्लब के कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रशासनिक और कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। स्कूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एस.के. सिंह ने क्लब के खिलाफ पुलिस में कई शिकायतें दर्ज कराई हैं। एस.के. सिंह के अनुसार, भूपेन रॉय रोड स्थित यह खाली जमीन 1930 से ‘एक्सप्रेस डेयरी लिमिटेड’ की है, जो एम.पी. बिड़ला ग्रुप की ही एक सहायक संस्था है। आरोप है कि पिछले लगभग दो दशकों से स्थानीय क्लब द्वारा इस जमीन पर दुर्गा पूजा और
अन्य आयोजन किया जा रहा है । सिंह ने बताया, ‘शुरुआत में क्लब प्रबंधन से लिखित अनुमति लेता था, लेकिन 2016 के बाद से उन्होंने अनुमति लेना बंद कर दिया और बिना सहमति के आयोजन करने लगे।’ विवाद तब गहरा गया जब दिसंबर 2025 में स्कूल ने अपने शिक्षकों के दोपहिया वाहनों की पार्किंग इस जमीन पर शुरू करवाई, ताकि ट्रैफिक पुलिस द्वारा होने वाले चालान से बचा जा सके। आरोप है कि इसके बाद शिक्षकों की गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
वरिष्ठ गणित शिक्षक अर्घ्य साधु खा और रसायन विज्ञान के शिक्षक अभीक रथ के वाहनों को छतिग्रस्त किया गया, जिससे शिक्षकों में भारी रोष है। सिंह ने बताया कि उन्होंने अक्टूबर 2024, दिसंबर 2024 और जून 2026 में पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने पूर्व विधायक रत्ना चटर्जी और पूर्व पार्षद से भी गुहार लगाई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
अब उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी ईमेल भेजा है। मामला फिलहाल अलीपुर अदालत में है, जहां कोर्ट ने धारा 144 के तहत जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। आरोप है कि क्लब द्वारा जमीन पर क्रिकेट और फुटबॉल मैचों का आयोजन किया जा रहा है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि यह मामला पुराना है। जमीन पर लंबे समय से दुर्गा पूजा आयोजित हो रही है। इस मामले में जनभावनाएं और कानून- व्यवस्था दोनों जुड़े हुए हैं, इसलिए सोच-समझकर कदम उठाना होगा।





























