हावड़ा: हावड़ा के उमाशंकर भट्टाचार्य लेन निवासी ध्रुबज्योति सेन की 15 वर्षीय बेटी और राष्ट्रीय स्तर की राइफल शूटर दामयंती सेन, जो दो दिन पहले अपने घर से लापता हो गई थी, शनिवार तड़के हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट इलाके से सकुशल बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दामयंती ने बताया कि खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाने के दबाव तथा मानसिक तनाव के कारण वह घर छोड़कर चली गई थी। इस दौरान वह विभिन्न स्थानों पर घूमती रही और बाद में अपने गृह नगर हावड़ा लौट आई। हालांकि, उसके बयान का अभी सत्यापन किया जा रहा है।
फिलहाल दामयंती हावड़ा थाना की देखरेख में है, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लापता रहने के दौरान वह किन-किन स्थानों पर रही और किन लोगों के संपर्क में आई।






























