हावड़ा: हावड़ा के अंदुल में बुधवार दोपहर एक घर में भीषण आग लग गई। हादसा अंदुल थाना क्षेत्र के मौरीग्राम अमताला इलाके में हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अचानक घर की दूसरी और तीसरी मंजिल पर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे फ्लोर में फैल गई। उस वक्त घर के अंदर कई लोग मौजूद थे जो आग में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
फायरफाइटर्स ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
दमकलकर्मियों ने जान पर खेलकर घर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कई लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। फायर डिपार्टमेंट अभी भी जांच कर रहा है कि घर के अंदर और कोई फंसा तो नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, घर में नहीं थे सुरक्षा के इंतजाम
शुरुआती जांच में इस हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फायर डिपार्टमेंट के सूत्रों ने बताया कि जिस घर में आग लगी वहां आग बुझाने के लिए जरूरी उपकरण और सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
काले धुएं से दम घुटा, कई अस्पताल में भर्ती
आग की वजह से पूरे इलाके में काले धुएं की चादर छा गई। धुआं घर के अंदर भर जाने से दम घुटने जैसी स्थिति बन गई। धुएं की चपेट में आने से कई लोग बीमार हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




























