शाम 6 बजे के बाद ही पूरे रूट पर चलेंगी ट्रेनें
कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन (शहीद खुदीराम-दक्षिणेश्वर) से सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी एक बार फिर बढ़ने वाली है। मेट्रो के रखरखाव कार्य के कारण लगातार पांच रविवार इस लाइन पर आंशिक रूप से ट्रेन सेवा बंद रहेगी। इन दिनों सुबह से शाम तक यात्रियों को अलग-अलग हिस्सों में ही मेट्रो मिलेगी। पूरे रूट पर सामान्य सेवा शाम 6 बजे के बाद ही बहाल होगी।
मेट्रो रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 15 नवंबर, 22 नवंबर, 29 नवंबर, 6 दिसंबर और 13 दिसंबर को बदले हुए समय के अनुसार ट्रेनें चलेंगी। इन सभी रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ब्लू लाइन के निर्धारित हिस्सों में मेट्रो सेवा बंद रहेगी।
चार रविवार शहीद खुदीराम से टॉलीगंज तक बंद रहेगी सेवा
मेट्रो प्रशासन के अनुसार, 15, 22 और 29 नवंबर तथा 6 दिसंबर को शहीद खुदीराम और महानायक उत्तम कुमार (टॉलीगंज) स्टेशन के बीच रखरखाव का काम किया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक शहीद खुदीराम से टॉलीगंज के बीच अप और डाउन, दोनों दिशाओं में मेट्रो नहीं चलेगी। हालांकि, टॉलीगंज से दक्षिणेश्वर के बीच ट्रेन सेवा सामान्य रहेगी।
इन चारों रविवार को दक्षिणेश्वर से टॉलीगंज जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 9 बजे उपलब्ध होगी। इसी समय टॉलीगंज से दक्षिणेश्वर के लिए भी पहली ट्रेन रवाना होगी।
13 दिसंबर को शहीद खुदीराम से मैदान तक मेट्रो बंद
13 दिसंबर को यात्रियों को और अधिक लंबे हिस्से में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस दिन शहीद खुदीराम और मैदान स्टेशन के बीच रखरखाव कार्य के लिए पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
इसके चलते सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक शहीद खुदीराम से मैदान के बीच मेट्रो सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, मैदान से दक्षिणेश्वर के बीच अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनें सामान्य रूप से चलेंगी।
इस दिन दक्षिणेश्वर से मैदान जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 9 बजे और मैदान से दक्षिणेश्वर जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 9:15 बजे मिलेगी।
शाम 6 बजे के बाद पूरे रूट पर सामान्य होगी सेवा
मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद शाम 6 बजे से ब्लू लाइन पर दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक पूरे रूट पर सामान्य समय-सारिणी के अनुसार ट्रेनें चलेंगी।
हालांकि, इन पांचों रविवार को जय हिंद विमानबंदर से दक्षिणेश्वर के बीच सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
पहले भी दो रविवार बाधित हुई थी मेट्रो सेवा
गौरतलब है कि इससे पहले 13 सितंबर और 1 नवंबर को भी ब्लू लाइन पर रखरखाव कार्य के कारण मेट्रो सेवा प्रभावित हुई थी।
13 सितंबर को गीतांजलि और कवि नजरुल स्टेशनों के बीच ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेकर काम किया गया था। इसके कारण सुबह 9 बजे से शाम 6:30 बजे तक टॉलीगंज से शहीद खुदीराम के बीच मेट्रो सेवा बंद रही थी।
वहीं, 1 नवंबर को नेताजी और टॉलीगंज के बीच रखरखाव कार्य के कारण सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक शहीद खुदीराम से मैदान तक मेट्रो सेवा बंद रखी गई थी।































