बंगाल में रोजगार और विकास के लिए करना है काम, भाजपा में शामिल होकर कोयल मल्लिक ने कहा
कोलकाता : बंगाली फिल्म अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। कोलकाता के 6, मुरलीधर सेन लेन स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं की मौजूदगी में उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।
भाजपा की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों तथा पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में शुरू किए गए विकास कार्यों से प्रेरित होकर कोयल मल्लिक भाजपा से जुड़ी हैं। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वह पश्चिम बंगाल और देश की जनसेवा तथा विकास से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाएंगी।
राज्यसभा की जिम्मेदारी को लेकर क्या बोलीं कोयल?
भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा कि राज्यसभा सदस्य बनने का अवसर उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों के कल्याण और सेवा के लिए बड़े स्तर पर काम करने का अवसर मिलने से वह बेहद खुश हैं।
कोयल मल्लिक ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बंगाल में पिछले कुछ महीनों में जिस तरह विकास कार्य शुरू हुए हैं, उसे देखकर वह खुश हैं।
‘बंगाल के लोगों को चाहिए रोजगार के अवसर’
कोयल मल्लिक ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग विकास चाहते हैं। राज्य में रोजगार और काम के अवसर बढ़ाना जरूरी है। उनके मुताबिक, रोजगार की कमी से समाज में निराशा और नकारात्मकता बढ़ सकती है। इसलिए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ सभी के लिए बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि विकास का लाभ केवल सुविधासंपन्न वर्ग तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पिछड़े और वंचित वर्गों के लिए भी काम करने की जरूरत है।
बचपन के अनुभवों का किया जिक्र
कोयल मल्लिक ने जनसेवा के प्रति अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि बचपन से ही उन्हें परिवार के माध्यम से समाजसेवा से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने मिशनरीज ऑफ चैरिटी में गर्मी की छुट्टियां बिताने के अपने अनुभव को भी याद किया।
उनके मुताबिक, इन अनुभवों के कारण उन्हें समाज की वास्तविक परिस्थितियों को करीब से समझने और जरूरतमंद लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा मिली।
राजनीतिक आलोचनाओं पर नहीं करेंगी नकारात्मक टिप्पणी
अपने खिलाफ होने वाली राजनीतिक आलोचनाओं पर कोयल मल्लिक ने कहा कि वह किसी के बारे में बुरा नहीं बोलना चाहतीं। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें या किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाते हैं, उनके प्रति भी उनके मन में गुस्सा नहीं है।
उन्होंने कहा कि नकारात्मक व्यवहार के पीछे भी कई कारण हो सकते हैं और वह सभी के मानसिक स्वास्थ्य तथा कल्याण की कामना करती हैं।
TMC से पुराने जुड़ाव पर क्या कहा?
तृणमूल कांग्रेस के साथ अपने पूर्व राजनीतिक जुड़ाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कोयल मल्लिक ने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने तरीके से लोगों के लिए काम करने की कोशिश करता है। वह किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति को छोटा नहीं करना चाहतीं।
हालांकि, भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि वह खुद को गौरवान्वित और सौभाग्यशाली महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब वह लोगों के विकास और जनसेवा के कार्यों में व्यापक स्तर पर योगदान देना चाहती हैं।
‘मानव सेवा और मानवता सर्वोपरि’
कोयल मल्लिक ने कहा कि उनके लिए मानव सेवा और मानवता सबसे ऊपर है। राजनीति में आने का उनका मूल उद्देश्य लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने कहा कि अगर अपनी क्षमता के अनुसार वह किसी व्यक्ति के जीवन में थोड़ा सा भी सकारात्मक बदलाव ला सकें, तो वह अपने जीवन को सार्थक मानेंगी।
बंगाल के फिल्म उद्योग के लिए भी करना चाहती हैं काम
कोयल मल्लिक ने पश्चिम बंगाल के फिल्म उद्योग के विकास को लेकर भी अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि जनसेवा की कोई सीमा नहीं होती और हर क्षेत्र में लोगों के कल्याण के लिए काम किया जा सकता है।
बंगाल के फिल्म उद्योग से अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में इस क्षेत्र के विकास के लिए भी काम करना चाहती हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा कि लोगों का कल्याण, बंगाल का विकास और देश की सेवा उनकी प्राथमिकता रहेगी।































