राज्य में 1 लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की घोषणा युवाओं के लिए संजीवनी
सुवेंदु सरकार ने रचा नया इतिहास, विकास के नए युग की शुरुआत
पटना : पश्चिम बंगाल विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए गए पहले पूर्ण बजट पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसकी सराहना की है। उन्होंने इस बजट को बंगाल के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक गौरव और अंत्योदय को समर्पित एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। यह बजट केवल वित्तीय आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि विकसित बंगाल के संकल्प को सिद्ध करने वाला रोडमैप है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के मूलमंत्र को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने राज्य को कुशासन के अंधकार से बाहर निकालने का संकल्प बजट के माध्यम से दर्शाया है।
मंगल पांडेय ने कहा कि बजट दस्तावेज को पारंपरिक बंगाली चटाई और जूट से तैयार फाइल में विधानसभा लाना यह दर्शाता है कि सुवेंदु सरकार बंगाल की माटी, स्थानीय शिल्पकारों और सांस्कृतिक पहचान को सर्वाेपरि मानती है। बजट से पहले की गई पूजा-अर्चना राज्य में सनातन मूल्यों और शुभ शुरुआत का प्रतीक है। वहीं राज्य में 1 लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की घोषणा युवाओं के लिए संजीवनी है। सबसे क्रांतिकारी कदम इन नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए निर्धारित करना है। यह निर्णय प्रधानमंत्री मोदी के नारी शक्ति वंदन के विजन को बंगाल में मजबूती से लागू करता है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा की शुरुआत कर सरकार ने उन्हें सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का बड़ा उपहार दिया है। राज्य कर्मियों के डीए में 20% की भारी बढ़ोतरी कर सुवेंदु सरकार ने पिछले कई वर्षों से लंबित उनके अधिकारों को सम्मान दिया है, जिससे कर्मचारियों में अभूतपूर्व उत्साह है।




























