मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि केंद्र सरकार की योजना का लाभ उठाएं
कोलकाता : बीजेपी के राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने राज्य में ‘केमिकल पार्क’ बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र लिखा है। शमिक भट्टाचार्य राज्य में इंडस्ट्रियल हब बनाने की वकालत कर रहे हैं। उनका मानना है कि हल्दिया, रघुनाथपुर और दुर्गापुर में भी इसके लिए संभावित जगहों के तौर पर विचार किया जा सकता है।
तीन केमिकल इंडस्ट्रियल हब बनाने की योजना
केंद्र सरकार देश में तीन केमिकल इंडस्ट्रियल हब बनाना चाहती है। इन्हें केंद्र की ‘भारत औद्योगिक विकास योजना – रसायन’ (BHAVYA- रसायन) स्कीम के तहत बनाया जाएगा। केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ जॉइंट वेंचर के ज़रिए इन्हें विकसित करना चाहती है । इसके लिए राज्यों का चुनाव कॉम्पिटिटिव प्रोसेस से होगा। शमिक ने प्रस्ताव दिया है कि पश्चिम बंगाल सरकार इस कॉम्पिटिटिव प्रोसेस के ज़रिए राज्य में केमिकल इंडस्ट्रियल हब बनाने की पहल करे।
केंद्र ने रखी है कई शर्तें
इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कई शर्तें हैं। कम से कम 2,000 एकड़ जमीन देनी होगी, जो किसी भी प्रकार के कानूनी विवाद से मुक्त होनी चाहिए। राज्य सरकार को कम से कम 500 करोड़ रुपये का निवेश करना होगा। केंद्र सरकार केमिकल इंडस्ट्रियल हब में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
शानदार मौका
पत्र में शमिक ने कहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार के लिए राष्ट्रीय स्तर का केमिकल इंडस्ट्रियल हब बनाने का यह एक शानदार मौका है। इस केमिकल इंडस्ट्रियल हब में बड़े पैमाने पर प्राइवेट निवेश की भी संभावना है। पिछली सरकार के कार्यकाल में राज्य में कोई भारी उद्योग स्थापित नहीं हुआ। जिसकी बार-बार आलोचना हुई। सत्ता परिवर्तन के बाद बीजेपी सरकार ने पश्चिम बंगाल की उद्योग-अनुकूल छवि पेश करने की पहल की है। सरकार की भूमि नीति में संशोधन किया गया है। नई औद्योगिक नीति बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में, शमिक ने मुख्यमंत्री सुवेंदु को पत्र लिखकर यह प्रस्ताव दिया है।






























