हथियार की तलाश में ईंट भट्ठे पहुंचा रतन शेख, अचानक बैठकर पुलिस पर दागी गोली; जवाबी फायरिंग में मौत
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में कुख्यात आरोपी रतन शेख की पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अब इस पूरे घटनाक्रम पर बीरभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विदित राज भुंदेश ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस का पक्ष सामने रखा। एसपी के मुताबिक, रतन शेख को हथियार बरामद करने के लिए ईंट भट्ठे पर ले जाया गया था। वहां हथियार छिपाने की जगह बताने के दौरान वह अचानक जमीन पर बैठ गया और पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रतन घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि पूरी कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत और आत्मरक्षा में की गई। उन्होंने बताया कि रतन शेख के खिलाफ डकैती और अवैध हथियारों से जुड़े 36 मामले दर्ज थे। वहीं, उसके सहयोगी रमेश लोहार के खिलाफ भी 17 से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कांस्टेबल को गोली मारकर फरार हुआ था रतन
पुलिस के मुताबिक, बीते 13 नवंबर को एक पुलिस कांस्टेबल को गोली मारने के बाद रतन शेख फरार हो गया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया और अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
एसपी विदित राज भुंदेश ने बताया कि रतन को पहले भी कई बार गिरफ्तार किया जा चुका था। वह अलग-अलग जेलों में रह चुका था और रिहाई के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया था।
पुलिस को रविवार को सूचना मिली कि रतन बर्दवान के किसी इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर दोपहर में उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की घटना के बाद वह किन-किन जगहों पर गया था और हथियार कहां छिपाकर रखे हैं।
ईंट भट्ठे पर अचानक बैठा, फिर पुलिस पर चलाई गोली
रतन शेख की मौत की वजह बने घटनाक्रम के बारे में एसपी ने विस्तार से जानकारी दी। उनके मुताबिक, पूछताछ में रतन ने चारकोल गांव के पास उचकरण इलाके में एक ईंट भट्ठे में हथियार छिपाने की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने के लिए वहां पहुंची।
एसपी ने बताया, “हथियार कहां रखे गए हैं, यह बताने के दौरान रतन इधर-उधर इशारा कर रहा था। इसी बीच वह अचानक नीचे बैठ गया और पुलिस को निशाना बनाकर सीधे गोली चला दी। गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया।”
पुलिस के अनुसार, गोली लगने के बाद रतन को तत्काल नानूर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव का पोस्टमार्टम बोलपुर अस्पताल में कराया जाएगा।
रतन के खिलाफ 36, रमेश पर 17-18 मामले
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रतन और उसके सहयोगियों के आपराधिक रिकॉर्ड का भी खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, रतन शेख के खिलाफ कुल 36 मामले दर्ज थे। इनमें डकैती और अवैध आग्नेयास्त्रों से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, उसके सहयोगी रमेश लोहार के खिलाफ 17 से 18 मामले दर्ज हैं।
इस मामले में पुलिस ने रमेश लोहार के अलावा नूर हुसैन शेख को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एनकाउंटर पर उठे सवाल, फॉरेंसिक टीम करेगी जांच
रतन शेख की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी से पूछा गया कि क्या एनकाउंटर के दौरान वीडियोग्राफी समेत सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था?
इस पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी निर्धारित नियमों का पालन किया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस ने शांतिनिकेतन और नानूर थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 118, 132, 221 और 35 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घायल कांस्टेबल का एसएसकेएम में इलाज, ऑपरेशन की संभावना
गौरतलब है कि 13 नवंबर को रतन की गोली से घायल हुए पुलिस कांस्टेबल का कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उनके बाएं पैर में गोली लगी थी। डॉक्टर उनके पैर का ऑपरेशन कर सकते हैं।
रतन शेख बीरभूम के नानूर थाना क्षेत्र के साउंता गांव का रहने वाला था। इलाके में उसकी पहचान एक आरोपी के रूप में थी। उसकी मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने उसके बड़े भाई सलाम शेख को शव की पहचान के लिए बुलाया है।
रतन की भाभी चंपा बीबी ने उसकी मौत पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस चाहती तो उसके हाथ-पैर तोड़कर उसे जेल में रख सकती थी। उनके मुताबिक, इस तरह की मौत नहीं होनी चाहिए थी। परिवार ने रतन की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
































