भवानीपुर थाने पहुंचे अभिषेक बनर्जी,ज्ञानेश कुमार पर टिप्पणी के मामले में पुलिस करना चाहती है पूछताछ
कोलकाता : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी के मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी शनिवार को भवानीपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें दोपहर 12:30 बजे तक थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया था, लेकिन वह निर्धारित समय से पहले ही थाने पहुंच गए। इस मामले में पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है।
यह मामला 2 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अभिषेक बनर्जी की ओर से किए गए एक पोस्ट से जुड़ा है। आरोप है कि इस पोस्ट में उन्होंने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस पोस्ट के खिलाफ भवानीपुर निवासी अर्णबकांति दास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 27 मई को अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
ज्ञानेश कुमार पर पोस्ट को लेकर क्या है आरोप?
शिकायतकर्ता अर्णबकांति दास का आरोप है कि अभिषेक बनर्जी ने अपनी पोस्ट में ज्ञानेश कुमार को कथित तौर पर ‘बंगाल विरोधी गुजराती गैंग का हाथ का खिलौना’ बताया था। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इस तरह की टिप्पणी से समाज में नफरत और वैमनस्य फैल सकता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अभिषेक की कथित टिप्पणी देश की सांप्रदायिक सद्भावना और राष्ट्रीय एकता के लिए नुकसानदेह हो सकती है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, एक सांसद के रूप में संविधान और देश की संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा की शपथ लेने के बावजूद उन्होंने पूरे गुजराती समुदाय को एक आपराधिक गिरोह के रूप में पेश किया।
शिकायतकर्ता ने इसे समुदाय के अपमान के साथ-साथ देश की बहुलतावादी संस्कृति और सामाजिक सद्भाव के लिए भी नुकसानदेह बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में एफआईआर
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें वैमनस्य फैलाने, हिंसा के लिए उकसाने, सार्वजनिक अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश, राज्य के खिलाफ अपराध के लिए उकसाने और अफवाह फैलाने जैसे आरोप शामिल हैं।
इसी मामले की जांच के तहत पुलिस ने अभिषेक को पूछताछ के लिए तलब किया था। शनिवार को भवानीपुर थाने पहुंचने के बाद अब पुलिस उनसे इस पोस्ट और उससे जुड़े आरोपों के बारे में सवाल कर सकती है।
गिरिश पार्क थाने में भी दर्ज है एक और मामला
अभिषेक बनर्जी की भवानीपुर थाने में पेशी ऐसे समय हुई है, जब उनके खिलाफ एक अन्य मामले में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को पुलिस गिरिश पार्क थाने में दर्ज एक एफआईआर के सिलसिले में उनके आवास पर नोटिस देने पहुंची थी।
इस मामले में आरोप है कि अभिषेक बनर्जी ने पुलिस को धमकी दी थी। इस एफआईआर के तहत उन्हें 20 नवंबर को गिरिश पार्क थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ विभिन्न मामलों में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में वह पहले भी पुलिस और सीआईडी के सामने पेश हो चुके हैं।
फिलहाल, ज्ञानेश कुमार से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में भवानीपुर थाने में उनकी पेशी हो चुकी है। वहीं, गिरिश पार्क थाने के मामले में 20 नवंबर को उनकी अगली पेशी निर्धारित है।































