कोलकाता : पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन में अपनी पत्नी को कार से कुचलकर मारने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय सरकार के रूप में हुई है। वह बागुईआटी का रहने वाला है। घटना पिछले बुधवार को न्यूटाउन के एक्शन एरिया-1 स्थित बीजी ब्लॉक के पास हुई थी। आरोप है कि संजय ने जानबूझकर अपनी कार से उस रैपिडो बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिस पर उसकी पत्नी सवार थी। इस हादसे में उसकी पत्नी और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
चलती रैपिडो बाइक को पीछे से मारी टक्कर
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन महिला रैपिडो बाइक पर सवार होकर कहीं जा रही थी। बाइक पर चालक के पीछे बैठी महिला को अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि कार महिला के पति संजय सरकार की थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में रैपिडो चालक और महिला दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी
आरोप है कि टक्कर मारने के बाद संजय सरकार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर न्यूटाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बागुईआटी में होने की गुप्त सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी कर संजय सरकार को गिरफ्तार कर लिया।
पारिवारिक विवाद या कोई दूसरी वजह? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारियों का पता लगाने का प्रयास है कि आखिर संजय ने अपनी ही पत्नी को निशाना बनाकर इस तरह की घटना को क्यों अंजाम दिया।
क्या इस घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बारासात अदालत में पेश, पुलिस हिरासत की मांग
शुक्रवार को आरोपी संजय सरकार को बारासात अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उससे आगे पूछताछ के लिए अदालत से हिरासत की मांग की है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में इस्तेमाल की गई कार कहां छिपाई गई है। जांच अधिकारियों का प्रयास है कि वाहन को बरामद करने के साथ घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






























