शौचालय के पास मिला संदिग्ध नोट; बम निरोधक दस्ता तैनात
कोलकाता : कोलकाता के दमदम स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के एक प्रवेश द्वार पर बम रखे होने की बात लिखी एक पर्ची मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। बताया जा रहा है कि यह पर्ची महिलाओं के शौचालय के पास मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
महिलाओं के शौचालय के पास मिली पर्ची
जानकारी के अनुसार, दुर्गापूजा की छुट्टियों के बाद यात्रियों की आवाजाही बढ़ी हुई है। शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट के सफाईकर्मियों को महिलाओं के शौचालय के पास टिश्यू पेपर पर लिखी एक पर्ची मिली। इसमें एयरपोर्ट के एक विशेष प्रवेश द्वार का नंबर लिखकर वहां बम रखे होने की बात कही गई थी।
पर्ची देखते ही सफाईकर्मियों ने एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संबंधित इलाके में जांच शुरू की गई। घटना के बाद यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों के बीच चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने शुरू की तलाशी
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित प्रवेश द्वार के आसपास के इलाके को खाली कराया। बम निरोधक दस्ते ने वहां सघन तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर के अन्य हिस्सों में भी जांच की जा रही है।
मौके पर एयरपोर्ट थाने की पुलिस और CISF के जवान तैनात हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तलाशी के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी है।
8 अक्टूबर को भी मिली थी बम विस्फोट की धमकी
दमदम एयरपोर्ट पर बम की धमकी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 8 अक्टूबर को भी कोलकाता एयरपोर्ट प्रशासन को ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने की खबर सामने आई थी।
उस ईमेल में एयरपोर्ट परिसर के भीतर बम रखे होने और किसी भी समय विस्फोट होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि, उस दौरान भी कोई बम या विस्फोटक पदार्थ मिलने की सूचना नहीं थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
ताजा घटना के बाद पुलिस पर्ची मिलने के समय शौचालय के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पर्ची वहां किसने रखी और उस समय इलाके में कौन-कौन मौजूद था।
इसके लिए एयरपोर्ट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।
फिलहाल, इस घटना के कारण विमान सेवाओं पर असर पड़ने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की गंभीरता और पर्ची के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं































