विशेष ट्रेन से गुजरात रवाना हुए श्रद्धालु, रहने-खाने से लेकर यात्रा तक का खर्च सरकार उठाएगी।
कोलकाता : सोमनाथ मंदिर की करीब 1,000 साल पुरानी विरासत और गौरव को याद करने के लिए देशभर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के करीब 1,000 श्रद्धालुओं को मुफ्त सोमनाथ तीर्थयात्रा कराने की पहल की है। इसके तहत शनिवार दोपहर 12 बजे कोलकाता स्टेशन से श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन गुजरात के सोमनाथ के लिए रवाना हुई।
दूरी और खर्च की चिंता खत्म
कई लोगों की लंबे समय से सोमनाथ मंदिर जाने की इच्छा रही है, लेकिन दूरी और यात्रा के खर्च के कारण वे वहां नहीं जा पाते। राज्य सरकार की इस पहल से विभिन्न जिलों के चयनित श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर के दर्शन का अवसर मिल रहा है। त्योहारों से पहले मिली यह मुफ्त तीर्थयात्रा श्रद्धालुओं के लिए खास सौगात मानी जा रही है।
पर्यटन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
विशेष ट्रेन को राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कोलकाता स्टेशन पर आयोजित ‘सोमनाथ यात्रा’ के उद्घाटन कार्यक्रम में पर्यटन एवं सूचना और सांस्कृतिक मामलों की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, शहरी विकास, नगरपालिका मामलों और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय और कौशिक चौधरी, राज्य मंत्री स्कूल शिक्षा विभाग तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग,समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
14 सितंबर को सोमनाथ पहुंचेगी ट्रेन
विशेष ट्रेन 14 सितंबर को सोमनाथ पहुंचेगी। तीर्थयात्री मंदिर में दर्शन और निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद ट्रेन 17 सितंबर को सोमनाथ से कोलकाता के लिए रवाना होगी और 20 सितंबर की सुबह कोलकाता पहुंचेगी।
रहने-खाने और स्थानीय भ्रमण की भी व्यवस्था
यात्रा का पूरा खर्च पश्चिम बंगाल सरकार का सूचना एवं संस्कृति विभाग उठाएगा। सोमनाथ पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के रहने, भोजन, स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था गुजरात सरकार की ओर से की जाएगी।
































