कोलकाता: आम उपभोक्ताओं को रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से NAFED (National Agricultural Cooperative Marketing Federation of India) की चार मोबाइल वैन को सोमवार को खाद्य भवन परिसर से फ्लैग-ऑफ किया गया।
इस पहल के तहत NAFED की मोबाइल वैन शहर के अलग-अलग चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर लोगों को सब्सिडी वाले प्याज उपलब्ध कराएंगी। मोबाइल वैन में प्याज 2 किलोग्राम के पैक में रखा गया है। 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज़ की कीमतें तय की गयी हैं।
खाद्य भवन से चार मोबाइल वैन रवाना
कार्यक्रम के लिए चार मोबाइल वैन को खाद्य भवन परिसर से राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने हरी झंडी दिखाई. हर मोबाइल वैन में एक ड्राइवर और एक हेल्पर की तैनाती की गई है। उपभोक्ताओं को प्याज की बिक्री के लिए वैन में POS मशीन की भी व्यवस्था की गई है, जिससे बिक्री और लेन-देन का रिकॉर्ड रखा जा सके।
रियायती दर पर मिलेगा प्याज
NAFED अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल वैन के माध्यम से उपभोक्ताओं को सरकार की सब्सिडी वाली प्याज योजना का लाभ दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बाजार में प्याज की कीमतों के दबाव को कम करना और आम लोगों को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराना है। यहां उल्लेखनीय है कि प्याज़ की कीमतें ₹60 से लेकर ₹80 प्रति किलो तक पहुंच गई हैं।
फ्लैग-ऑफ के बाद उपभोक्ताओं ने खरीदा प्याज
समारोह के बाद कुछ समय तक वैन खाद्य भवन परिसर में ही खड़ी रहीं, जहां उपभोक्ताओं को रियायती दर पर प्याज खरीदने की सुविधा दी गई। इस दौरान राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि इस पहल से प्याज़ के दाम कम होंगे। उन्होंने कहा कि नासिक के प्याज़ को naafed द्वारा स्टॉक कर के रखा गया था जिन्हें अब मार्केट में कम कीमतों में बेचा जायेगा। वहीं खाद्य भवन की एक महिला कर्मचारी प्याज खरीदने आई। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतें काफी बढ़ गई थी लेकिन अब इस पहल से काफी सुविधा होगी।
NAFED की यह मोबाइल वैन पहल प्याज की कीमतों को लेकर आम लोगों को राहत देने और उन्हें सरकारी सब्सिडी का सीधा लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इन बाज़ारों में उपलब्ध होगा प्याज़
मुख्य रूप से दमदम, बरानगर
श्यामबाजार, लेकटाउन, डनलप,धर्मतला, सोनारपुर, गरिया, जादवपुर, मुकुंदपुर, टॉलीगंज, बारुईपुर, स्ट्रैंड रोड, चुंचूड़ा रेलवे स्टेशन, हादीपुर मोड़, बंडेल,भद्रेश्वर, चंदननगर, सेतपुर मोड़
चंदननगर, GT रोड
श्रीरामपुर और मोगरा के बाजारों में यह प्याज उपलब्ध कराए जाएंगे।





























