जानिये किसे मिलेगा लाभ
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता नगर निगम (KMC) क्षेत्र के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने वर्ष 2008 से 2019 (ROPA 2009) अवधि की बकाया महंगाई राहत (Dearness Relief – DR) का 50 प्रतिशत अंतरिम भुगतान जल्द जारी करने का फैसला किया है।
वित्त विभाग की पेंशन शाखा की अधिसूचना के अनुसार, कई बैंकों के पास पुराने पेंशन रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण हजारों पेंशनरों का DR Arrears लंबित था। अब सरकार महालेखाकार (AG) के उपलब्ध रिकॉर्ड और ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर अनुमानित बकाया राशि का 50% सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी।भुगतान प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए WBIFMS के तहत Bank Pension Management Portal शुरू किया गया है। सभी बैंकों को पेंशनरों का डेटा जल्द सत्यापित और अपडेट करने का निर्देश दिया गया है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शेष 50 प्रतिशत DR बकाया का भुगतान भी रिकॉर्ड सत्यापन पूरा होने के बाद किया जाएगा। इसके लिए बैंकों को वर्ष 2008 से 2019 तक के सभी पेंशन रिकॉर्ड जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, कर्मचारी संगठनों ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि फिलहाल इसका लाभ केवल KMC क्षेत्र के बैंक पेंशनरों को मिल रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों के पेंशनरों और ग्रांट-इन-एड कर्मचारियों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।





























