कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव 2026 की मतगणना को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेजिनगर और नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्रों में मतों की गिनती 15-15 राउंड में होगी। दोनों मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए दोनों जगह एक-एक काउंटिंग ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे।
रेजिनगर में दो EVM हॉल
रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना बहरमपुर गर्ल्स कॉलेज में होगी। यहां EVM की गिनती के लिए दो हॉल बनाए गए हैं। कुल 15 राउंड में EVM की मतगणना पूरी होगी। वहीं, ETPB और पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए अलग हॉल की व्यवस्था की गई है।
नंदीग्राम में भी 15 राउंड में गिनती
210-नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र की मतगणना कवि सुकांत सेकेंडरी टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एंड एनेक्सड बिल्डिंग में होगी। यहां भी EVM की गिनती के लिए दो हॉल होंगे और कुल 15 राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी। ETPB और पोस्टल बैलेट के लिए अलग मतगणना हॉल बनाया गया है।
तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था
दोनों मतगणना केंद्रों पर तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
पहला घेरा : मतगणना परिसर से 100 मीटर के दायरे को पैदल क्षेत्र रखा जाएगा। इस इलाके में वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। स्थानीय पुलिस ECI पास की जांच करेगी।
दूसरा घेरा : मतगणना परिसर के प्रवेश द्वार पर सशस्त्र पुलिसकर्मी तलाशी लेंगे।
तीसरा घेरा : काउंटिंग हॉल के प्रवेश द्वार पर CAPF के जवान जांच करेंगे। इस दौरान मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
QR कोड से होगी पहचान
इस बार अधिकारियों और एजेंटों की पहचान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ECINET के QR कोड आधारित फोटो कार्ड मॉड्यूल के जरिए पहचान का सत्यापन किया जाएगा।
मतगणना स्थल में प्रवेश के लिए संबंधित लोगों को ECI अथॉरिटी लेटर, DEO/RO की ओर से जारी फोटो पहचान पत्र या वैध मीडिया पास साथ रखना होगा।
काउंटिंग हॉल में मोबाइल पर रोक
मतगणना केंद्र पर मीडिया के लिए अलग मीडिया सेंटर बनाया गया है। अधिकृत पत्रकारों को मोबाइल फोन केवल मीडिया सेंटर तक ले जाने की अनुमति होगी। काउंटिंग हॉल में ECI ऑब्जर्वर के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
RO/ARO को पोस्टल बैलेट से जुड़े OTP के लिए एक मोबाइल फोन रखने की अनुमति होगी, लेकिन फोन साइलेंट मोड में रखना होगा। इसके अलावा आई-पैड, लैपटॉप और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा।
पहले पोस्टल बैलेट, फिर EVM की गिनती
मतगणना प्रक्रिया में सबसे पहले पोस्टल बैलेट और ETPB की गिनती शुरू होगी। इसके 30 मिनट बाद EVM की मतगणना शुरू की जाएगी।
कंट्रोल यूनिट को Form 17-C के साथ क्रमवार मतगणना हॉल में लाया जाएगा। मतगणना के दौरान प्राप्त परिणामों को Form 17-C Part-II में दर्ज किया जाएगा।
ऑब्जर्वर की अनुमति के बाद घोषित होगा परिणाम
पूरी मतगणना प्रक्रिया समाप्त होने के बाद काउंटिंग ऑब्जर्वर की लिखित अनुमति और NOC मिलने पर ही रिटर्निंग ऑफिसर (RO) Form 20 तैयार करेंगे। इसके बाद विजेता उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
मतगणना पूरी होने के बाद सभी EVM को सील कर जिला स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। चुनाव याचिका (EP) की निर्धारित अवधि समाप्त होने तक इन EVM को नहीं खोला जाएगा।































