रोज 7 लाख लोगों को मिल रहा काम,2.3 करोड़ ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड, सभी 3,339 ग्राम पंचायतों में शुरू हुए काम; दिसंबर तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने का लक्ष्य
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के तहत ग्रामीण रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास का काम तेज हो गया है। राज्य सरकार का दावा है कि योजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है और दिसंबर 2026 तक बंगाल देश के सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल हो सकता है। फिलहाल राज्य में प्रतिदिन करीब 7 लाख श्रम दिवस सृजित हो रहे हैं। काली पूजा के बाद यह संख्या बढ़कर रोजाना 10 लाख के पार पहुंचने का अनुमान है।
राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, योजना के तहत बंगाल में करीब 2.3 करोड़ ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड हैं। सभी 3,339 ग्राम पंचायतों में काम शुरू हो चुका है। अब तक 9.76 करोड़ श्रम दिवस सृजित किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य इस वित्त वर्ष में करीब 22 करोड़ श्रम दिवस तैयार करना है।
2.3 करोड़ जॉब कार्ड, 39 लाख अयोग्य नाम हटाए गए
राज्य में योजना के तहत करीब 2.3 करोड़ ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड (GRGC) दर्ज हैं। पिछले कुछ महीनों में 10 लाख से अधिक श्रमिकों को जोड़ने के साथ 2.5 लाख नए कार्ड जारी किए गए हैं।
सरकार के अनुसार, जमीन पर सत्यापन और ASDD सूची सहित विभिन्न जांच प्रक्रियाओं के जरिए करीब 39 लाख अयोग्य लाभार्थियों के नाम हटाए गए हैं। वहीं, लगभग 90 प्रतिशत लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। पुराने कार्यों से जुड़े फंड ट्रांसफर ऑर्डर (FTO) की भी भौतिक जांच की गई है।
14,180 करोड़ रुपये का बजट, 22 करोड़ श्रम दिवस का लक्ष्य
योजना के लिए राज्य में सालाना 14,180 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसमें केंद्र सरकार का हिस्सा 8,508 करोड़ रुपये और राज्य सरकार का हिस्सा 5,672 करोड़ रुपये है।
सरकार को उम्मीद है कि इस राशि से चालू वित्त वर्ष में करीब 22 करोड़ श्रम दिवस सृजित किए जा सकेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों के आपसी समन्वय से ग्रामीण इलाकों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी किया जा रहा है।
सभी 3,339 ग्राम पंचायतों में शुरू हुए काम
राज्य सरकार के मुताबिक, बंगाल की सभी 3,339 ग्राम पंचायतों में योजना के तहत काम शुरू हो चुका है। प्रत्येक पंचायत में औसतन 10 से अधिक परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से अधिसूचित 375 श्रेणियों के कार्यों को इसमें शामिल किया गया है। इनमें ग्रामीण बुनियादी ढांचे का विकास, जल संरक्षण, आजीविका के साधनों में सुधार और आपदा प्रबंधन से जुड़े काम प्रमुख हैं।
रोज 7 लाख श्रम दिवस, काली पूजा के बाद 10 लाख पार करने का अनुमान
फिलहाल राज्य में प्रतिदिन करीब 7 लाख श्रम दिवस सृजित हो रहे हैं। सरकार का अनुमान है कि काली पूजा के बाद यह आंकड़ा रोजाना 10 लाख के पार पहुंच सकता है।
आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 22 लाख से अधिक श्रमिकों ने काम की मांग की है और सरकार का दावा है कि सभी को काम उपलब्ध कराया गया है। योजना के तहत अब तक कुल 9.76 करोड़ श्रम दिवस सृजित किए जा चुके हैं।
आने वाले महीनों के लिए भी श्रम दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
| अवधि | अनुमानित श्रम दिवस |
| नवंबर 2026 | 2.63 करोड़ |
| दिसंबर 2026 | 1.67 करोड़ |
| जनवरी 2027 | 1.73 करोड़ |
| फरवरी 2027 | 2.06 करोड़ |
| मार्च 2027 | 2.20 करोड़ |
राज्य सरकार का लक्ष्य इन निर्धारित आंकड़ों के जरिए ग्रामीण रोजगार की गति बनाए रखना है।
25 हजार गांवों में होगा वृक्षारोपण, 7,536 करोड़ की संपत्ति तैयार
योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। वन विभाग के साथ मिलकर 25 हजार गांवों में वृक्षारोपण की परियोजना शुरू की गई है। इसके अलावा 13,051 जवाबदेही वाले कार्यों में एक वृक्ष अभियान भी शामिल किया गया है।
योजना के तहत जिन प्रमुख कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, उनमें 55,011 स्वच्छता केंद्र, 6,480 विकास कार्य, 5,400 सड़कें, 10,000 नर्सरी, 1,000 सामुदायिक शौचालय और 500 ग्राम पंचायत भवनों का निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही 15,200 अमृत सरोवर और 10,000 घरों में अमृत सरोवर से जुड़े कार्यों की योजना भी बनाई गई है। राज्य सरकार का दावा है कि विभिन्न विभागों के समन्वय से अब तक करीब 7,536 करोड़ रुपये की स्थायी परिसंपत्तियां तैयार की जा चुकी हैं।
आवास योजना के लाभार्थियों को 20 दिन का अतिरिक्त काम
इस योजना की एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों से जुड़ी है। पश्चिम बंगाल आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने वाले प्रत्येक परिवार को VB-G RAM G योजना के अंतर्गत 20 दिनों का अतिरिक्त रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
राज्य सरकार के मुताबिक, इससे प्रत्येक परिवार को करीब 27 हजार रुपये की अतिरिक्त मजदूरी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण परिवारों को घर निर्माण के साथ अतिरिक्त आय का भी लाभ मिल सकेगा।
प्रशासनिक चुनौतियों के बावजूद काम तेज करने की कोशिश
राज्य सरकार का कहना है कि करीब चार वर्षों तक यह परियोजना रुकी रही। इसके बाद अब इसे दोबारा गति देने की कोशिश की जा रही है। प्रशासनिक बदलाव, पंचायती राज संस्थाओं में करीब 40 प्रतिशत पद खाली रहने और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) से जुड़ी समस्याओं के बावजूद योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक योजना के क्रियान्वयन में बंगाल को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। अब देखना होगा कि रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के निर्धारित लक्ष्यों को राज्य किस हद तक हासिल कर पाता है।
































