दार्जिलिंग : दार्जिलिंग स्टेशन पर बुधवार सुबह टॉय ट्रेन के लोको शेड का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के वक्त शेड में काम कर रहे कम से कम सात रेल कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, रेलवे सूत्रों के मुताबिक सभी घायलों की हालत गंभीर नहीं है।
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के अनुसार, बुधवार सुबह लोको शेड का एक हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय शेड में कई कर्मचारी मौजूद थे। छत का हिस्सा गिरने से सात कर्मचारी घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद रेलवे के अन्य कर्मचारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद लोको शेड इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है। शेड का हिस्सा अचानक गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।
दार्जिलिंग स्टेशन के ठीक सामने स्थित यह हेरिटेज लोको शेड दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यहां मुख्य रूप से टॉय ट्रेन के इंजन रखे और उनकी देखभाल की जाती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में इंजन शेड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।
हादसे के बाद लोको शेड के रखरखाव और उसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रेलवे की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शेड का हिस्सा किन परिस्थितियों में ढहा।
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के डायरेक्टर ऋषभ चौधरी ने बताया, “कल रात से ही भारी बारिश हो रही है। आज सुबह लोको शेड का एक हिस्सा गिर गया। रेलवे के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है।”
फिलहाल रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही, शेड के बाकी हिस्से की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।





























