कूचबिहार : पश्चिम बंगाल STF ने इस हफ़्ते की शुरुआत में पाकिस्तानी जासूस राणा रऊफ़ को गिरफ़्तार किया था। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के दिन जांचकर्ताओं ने तीन और लोगों को पकड़ा, जिनके पाकिस्तानी जासूस होने का शक है। इन तीनों को उत्तर बंगाल के कूचबिहार में गिरफ़्तार किया गया। गिरफ़्तार किए गए लोगों की पहचान राशिदुल हक़, नूर नासिरुद्दीन अली और शफ़ीकुल इस्लाम के तौर पर हुई है। उन्हें ज़िले के साहेबगंज इलाके से हिरासत में लिया गया ।जांचकर्ता हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ करके और जानकारी जुटा रहे हैं। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि क्या ये स्वतंत्रता दिवस पर किसी साजिश को अंजाम देना चाहते थे। शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि गिरफ़्तार किए गए लोग जासूस के तौर पर काम कर रहे थे।
सिम कार्ड खरीद कर भेजते थे बांग्लादेश
STF सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोग स्थानीय स्तर पर भारतीय मोबाइल सिम कार्ड हासिल करते थे और उन्हें पहले बांग्लादेश भेजते थे। इसके बाद इन सिम कार्ड्स को वहां से पाकिस्तान भेजा जाता था। उन पर नकली नोटों के कारोबाता में शामिल होने का भी आरोप है। सरकार बदलने के बाद बांग्लादेश में ISI की गतिविधियां बढ़ गई हैं। तृणमूल सरकार के कार्यकाल के दौरान ISI समेत कई उग्रवादी समूहों के लोगों ने सीमा पार करके बंगाल में अपने ठिकाने बना लिए थे। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से निगरानी बढ़ाने के साथ इन्हें पकड़ने की पहल तेज की गयी है।




























