उसने मुख्यमंत्री सुवेंदु द्वारा अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले रास्तों की भी रेकी की थी।
कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बर्दमान से जिस आंकवादी को गिरफ्तार किया है, उसने कई बार सीएम आवास की रेकी की थी।शुरुआती जांच से पता चला है कि उसे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सहित राज्य के कई मंत्रियों की गतिविधियों पर नज़र रखने का काम सौंपा गया था। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी से पहले हमीम ने चिनार पार्क में मुख्यमंत्री सुवेंदु के आवास के आसपास कई बार रेकी की थी। उसने खुद वहां जाकर स्थिति का जायजा लिया था।
भय से नहीं ली थी तस्वीरें
हमीम ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर तस्वीरें लेने की कोशिश भी की थी। लेकिन, पहचाने जाने के डर से उसने ऐसा नहीं किया, क्योंकि पूरा इलाका CCTV की निगरानी में है। पूछताछ के दौरान हमीम ने बताया है कि पाकिस्तान में उसके हैंडलर्स ने उसे निर्देश दिया था कि फ़ोटो या वीडियो लेने की हरकत CCTV कैमरों में रिकॉर्ड न हो, इसका ध्यान रखा जाए। जांचकर्ताओं ने मोबाइल टावर लोकेशन डेटा का विश्लेषण करके हामीम की पिछली गतिविधियों की पुष्टि की। इससे पता चला कि हामिम कई बार सुवेंदु के घर के आस-पास गया था। जांचकर्ताओं के पास इसके सबूत थे, लेकिन शुरू में उसने इससे इनकार किया। बाद में, पूछताछ के दौरान उसने मुख्यमंत्री के चिनार पार्क स्थित आवास के पास कई बार रेकी करने की बात कबूल की। उसने मुख्यमंत्री सुवेंदु द्वारा अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले रास्तों की भी रेकी की थी।
हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने की थी योजना
हमीम के साथ-साथ उसकी महिला दोस्त अर्पिता सरकार और आदित्य सिंह (उर्फ़ राज) नाम के एक युवक को भी पुलिस ने आतंकी कनेक्शन के आरोप में गिरफ़्तार किया है। आरोप है कि वे पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी ISI और कुख्यात पाकिस्तानी गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी के गैंग के लगातार संपर्क में थे। इनकी पश्चिम बंगाल में उग्रवादी और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना थी।





























