कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी कॉलेजों को 23 जून से 6 जुलाई 2026 तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पखवाड़ा मनाने का निर्देश जारी किया है।17 जून 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, यह पखवाड़ा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि (23 जून) और जयंती (6 जुलाई) के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
इसका उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच उनके जीवन, कार्यों, लेखन और योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे पखवाड़े के दौरान कम से कम 3 से 4 कार्यक्रम आयोजित करें। इनमें स्मृति व्याख्यान, सेमिनार, निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद, उनके लेखन और भाषणों पर पाठ सत्र तथा उनके जीवन एवं योगदान पर आधारित प्रदर्शनी शामिल हैं।
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि संस्थान इस अवसर के लिए उपयुक्त बंगाली नाम अपनाएं, अध्ययन सामग्री तैयार करें और राज्य अभिलेखागार निदेशालय में उपलब्ध दस्तावेजों का उपयोग करें।सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को छात्रों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों का विस्तृत रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके लिए जियो-टैग्ड तस्वीरों और संबंधित दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट भी तैयार करने को कहा गया है।यह अधिसूचना शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी की गई है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया गया है।
इस मुद्दे पर बंगीय शिक्षक व शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वपन मण्डल ने कहा कि क्या ये अच्छे दिन है. अब कॉलेजों में श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पखवाड़ा भी मनाना पड़ेगा।





























