वार्ड कार्यालय पर कब्जे को लेकर हंगामा
कोलकाता : दक्षिण दमदम नगरपालिका के 9 नंबर वार्ड कार्यालय पर कथित रूप से कब्जा करने को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नागरबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कथित रूप से शामिल बीजेपी कार्यकर्ता जयंती दास को वार्ड कार्यालय से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, दक्षिण दमदम नगरपालिका में फिलहाल निर्वाचित बोर्ड मौजूद है। 9 नंबर वार्ड की निर्वाचित प्रतिनिधि रीता रायचौधरी हैं। आरोप है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से वह नियमित रूप से वार्ड कार्यालय में नहीं बैठ रही थीं। इसी बीच स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता जयंती दास के कथित तौर पर वार्ड कार्यालय में बैठना शुरू करने की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि वार्ड कार्यालय में किसी अन्य व्यक्ति के बैठने की जानकारी सामने आने के बाद इसको लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद शुरू हुआ। मामले की जानकारी मिलने के बाद नागरबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस वार्ड कार्यालय पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद जयंती दास को कार्यालय से बाहर निकाला और इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। वार्ड कार्यालय पर अधिकार और उसके इस्तेमाल को लेकर विवाद सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






















