AC लोकल ट्रेनों के बढ़े स्टॉपेज । सियालदह-रानाघाट और सियालदह-बनगांव-रानाघाट AC लोकल को अतिरिक्त ठहराव, ट्रायल स्टॉपेज की अवधि भी बढ़ी
कोलकाता : दुर्गा पूजा से पहले लोकल ट्रेन यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की खबर दी है। सियालदह डिवीजन ने AC लोकल ट्रेनों के कुछ अतिरिक्त स्टॉपेज की घोषणा की है। इसके तहत सियालदह-रानाघाट AC लोकल को हालीशहर और शिमुराली में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा। वहीं, सियालदह-बनगांव-रानाघाट AC लोकल को गोपालनगर और बामनगाछी में रोकने का फैसला किया गया है।
नए अतिरिक्त स्टॉपेज की व्यवस्था 1 अक्टूबर से लागू होगी। वहीं, सियालदह-रानाघाट AC लोकल के कुछ स्टेशनों पर चल रहे प्रयोगात्मक ठहराव की अवधि को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है।
सियालदह-रानाघाट AC लोकल को इन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव
सि यालदहडिवीजन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सियालदह-रानाघाट AC लोकल के शिमुराली, हालीशहर और इछापुर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव की प्रयोगात्मक अवधि बढ़ाई गई है।
शाम की ओर जाने वाली ट्रेन इछापुर स्टेशन पर 7:32 बजे, हालीशहर में 7:54 बजे और शिमुराली में 8:12 बजे पहुंचेगी।
वहीं, अगले दिन सुबह वापसी की डाउन AC लोकल शिमुराली में 8:45 बजे, हालीशहर में 9:02 बजे और इछापुर में 9:23 बजे रुकेगी।
सियालदह-बनगांव-रानाघाट AC लोकल को भी अतिरिक्त स्टॉपेज
रेलवे ने सियालदह से बनगांव होते हुए रानाघाट जाने वाली AC लोकल के यात्रियों को भी राहत दी है। इस ट्रेन को अब बामनगाछी और गोपालनगर में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा।
शाम की अप ट्रेन सियालदह से 6:14 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बामनगाछी में 7:02 बजे, गोपालनगर में 8:19 बजे और रानाघाट में 8:43 बजे पहुंचेगी।
सुबह वापसी की ट्रेन का टाइमटेबल
अगली सुबह चलने वाली डाउन रानाघाट-बनगांव- सियालदह AC लोकल गोपालनगर में 7:34 बजे और बामनगाछी में 8:43 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सियालदह स्टेशन पर 9:38 बजे पहुंचेगी।
इन अतिरिक्त स्टॉपेज से उन यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अब तक AC लोकल पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ता था।
यात्रियों की सुविधा बढ़ाना रेलवे का लक्ष्य
सियालदह के डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि शहर से जुड़े उपनगरीय मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा सुविधा देने के उद्देश्य से अतिरिक्त स्टॉपेज दिए गए हैं। रेलवे का लक्ष्य अधिक से अधिक यात्रियों को रोजमर्रा की यात्रा में AC ट्रेन सेवा का लाभ उपलब्ध कराना है। पूजा के दौरान सियालदह और आसपास के उपनगरीय मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में अतिरिक्त स्टॉपेज का यह फैसला यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।































