CBI की पांच सदस्यों वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) पहुंची थी। उन्होंने इमरजेंसी डिपार्टमेंट का दौरा किया।
कोलकाता : आरजी कर अस्पताल में एक डॉक्टर के रेप और मर्डर की जांच फिर से शुरू हो गई है। सोमवार CBI के जॉइंट डायरेक्टर अनुराग कुमार की अगुवाई में एक जांच टीम अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। अस्पताल के सुपरिटेंडेंट सप्तर्षि चट्टोपाध्याय ने कहा, “CBI की पांच सदस्यों वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) पहुंची थी। उन्होंने इमरजेंसी डिपार्टमेंट का दौरा किया। जगह का मुआयना करने के बाद जांचकर्ताओं ने आपस में बातचीत भी की।”
पिछले सप्ताह सौंपी गयी थी रिपोर्ट
पिछले गुरुवार को CBI ने R.G. कर मामले की स्टेटस रिपोर्ट सियालदह कोर्ट में सौंपी। उन्होंने कोर्ट को बताया कि मामले की जांच अब एक नया जांच अधिकारी (IO) संभालेगा। इस मामले में पहले सीमा पाहुजा जांच अधिकारी थीं; उनकी जगह अब संदीपनी गर्ग को यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। नई जांच टीम केस डायरी समेत 1,000 पन्नों के दस्तावेज़ों की जांच कर रही है। सीबीआई ने कोर्ट से कुछ और समय मांगा। कोर्ट के आदेश पर बनी इस नई जांच टीम की अगुवाई CBI के जॉइंट डायरेक्टर अनुराग और R.G. कर वित्तीय अनियमितता मामले के जांच अधिकारी मनीष उपाध्याय कर रहे हैं।
क्या है परिवार की मांग पीड़िता के परिवार ने मांग की है कि CBI उन लोगों से पूछताछ करे जो घटना से पहले उनकी बेटी के साथ देखे गए थे। ज़रूरत पड़ने पर उन्हें हिरासत में ले।





























