कोलकाता: पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रेरणा से संत विशुद्धानंद सरस्वती की स्मृति में कलकत्ता के तत्कालीन मारवाड़ी समाज ने जिस विद्यालय की स्थापना 19 सितंबर 1901 में की थी, उस श्री विशुद्धानंद सरस्वती विद्यालय ने 125 साल पूरे करने का उत्सव विद्यालय प्रांगण में धूमधाम के साथ सम्पन्न किया।।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रेसिडेंट श्री संजय बख्शी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, वहीं वाइस प्रेसिडेंट श्री बृजमोहन गाडोदिया ने इस विशेष अवसर के लिए निर्मित विद्यालय ध्वज का ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के पश्चात वंदे मातरम का गायन हुआ और इस ऐतिहासिक अवसर के लिए विशेष रूप से रचित विद्यालय गीत का प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में मांगलिक यज्ञ का आयोजन किया गया और प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे। समारोह में विद्यालय के सचिव श्री लक्ष्मी कांत पांडे और प्रधानाध्यापक श्री ओम प्रकाश पांडे सहित प्रबंध समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।































