मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को एक बार फिर सियासी टकराव देखने को मिला। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के जवाब में सोमवार को कोलकाता में बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली। कॉलेज स्ट्रीट से शुरू हुई इस पदयात्रा का नेतृत्व बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने किया।
पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में बीजेपी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने तृणमूल कांग्रेस के पिछले शासनकाल, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। नेताओं ने आगामी कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनावों को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संदेश दिया।
‘हार के बाद दिल्ली में रो रही हैं ममता’
जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब पूरी तरह ममता-मुक्त हो चुका है। अपने ही राज्य में हार का झटका बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण पूर्व मुख्यमंत्री अब दिल्ली जाकर रो रही हैं।
नितिन नवीन ने आगे कहा कि अब दिल्ली को भी जल्द राहुल-मुक्त करना होगा। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। बीजेपी अध्यक्ष ने अपने संबोधन में विपक्षी गठबंधन की एकजुटता और उसकी राजनीति पर भी सवाल उठाए।
शुभेंदु ने बताया SIR का नया मतलब
सभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने SIR का अपना राजनीतिक अर्थ समझाते हुए कहा, ‘‘विपक्ष के लिए SIR का जो भी मतलब हो, हमारे लिए इसका असली अर्थ है- घुसपैठियों को हटाओ, भारत बचाओ।’’
शुभेंदु अधिकारी ने विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति को बचाने के लिए एकजुट होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने नेताओं को भ्रष्टाचार और जेल जाने से बचाने तथा परिवारवाद की राजनीति जारी रखने के लिए साथ आए हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ने 2 करोड़ 92 लाख वोट देकर बीजेपी को सत्ता में पहुंचाया है। उनके मुताबिक, विपक्षी दल इस जनादेश को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसी वजह से राज्य में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
माओवादी और अराजकतावादी ताकतों से सतर्क रहने की अपील
अपने भाषण में शुभेंदु अधिकारी ने लोगों से कथित तौर पर दिमागी नक्सल, जिहादी, माओवादी, अराजकतावादी और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि आगामी कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव में जनता बैलेट बॉक्स के जरिए उन्हें जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने साफ संकेत दिया कि बीजेपी की नजर अब राज्य के प्रमुख शहरी निकायों पर है। उन्होंने पार्टी समर्थकों से आगामी नगर निगम चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
कोलकाता-हावड़ा में ट्रिपल इंजन सरकार का नारा
सभा से शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों में भी बीजेपी की सत्ता स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे पर भरोसा करके जनता ने राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाई है। अब मुख्यमंत्री की अपील है कि नगर निगमों में भी बीजेपी को मौका दिया जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चाहिए। तभी शहरों के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक बदलाव संभव होगा।’’
बीजेपी नेतृत्व का दावा है कि केंद्र और राज्य के बाद नगर निकायों में भी पार्टी की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। दूसरी ओर, विपक्षी दलों की ओर से इस राजनीतिक दावे और SIR को लेकर बीजेपी की व्याख्या पर प्रतिक्रिया आने की संभावना है।
फिलहाल सोमवार की इस रैली ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
































