कोलकाता : बंद पड़ी नैहाटी जूट मिल को दोबारा खोलने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार की पहल पर श्रम मंत्री अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि 3 जुलाई 2026 से मिल में उत्पादन कार्य फिर से शुरू होगा। इससे लगभग 2,500 श्रमिकों को दोबारा रोजगार मिल सकेगा।
गौरतलब है कि नैहाटी जूट मिल 6 जून 2026 से बंद थी, जिसके कारण हजारों श्रमिकों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया था।
न्यू सेक्रेटेरिएट में पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम विभाग की ओर से श्रम मंत्री अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रम राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, मिल प्रबंधन और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में विशेष श्रम आयुक्त आशीष सरकार, अतिरिक्त श्रम आयुक्त रजत पाल तथा बैरकपुर के उप श्रम आयुक्त मनोज कुमार साहा भी मौजूद रहे। सभी पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि 3 जुलाई 2026 से मिल का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा।
श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ उद्योगों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उद्योग और श्रमिक—दोनों के हितों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना आवश्यक है।
नैहाटी जूट मिल के दोबारा खुलने के फैसले से औद्योगिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है और श्रमिकों ने राहत की सांस ली है।





























