कोलकाता: शहर के सबसे व्यस्त सियालदह रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार सुबह अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। स्टेशन के साउथ ब्रांच एंट्रेंस के ठीक सामने बने फूड कोर्ट के एक फूड स्टॉल में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया। हफ्ते के पहले दिन स्टेशन पर मौजूद हजारों यात्रियों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां, कोलकाता पुलिस और GRP मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पानी नहीं, सिस्टम फेल – आग बुझाने में क्यों आई दिक्कत?
फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने में शुरू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। “धुएं से सब कुछ ढका हुआ है। स्टेशन पर पर्याप्त पानी नहीं है, हमें बाहर से पानी मंगाना पड़ा।” – फायर अधिकारी
जांच में दो बड़ी लापरवाही सामने आई है:
1. फायर सिस्टम ने नहीं किया काम: फूड कोर्ट में लगा ऑटोमैटिक फायर एक्सटिंग्विशिंग सिस्टम पूरी तरह से निष्क्रिय पाया गया।
2. कांच की वजह से धुआं फंसा: फूड शॉप चारों तरफ से कांच से बंद थी, जिससे जहरीला धुआं अंदर ही भर गया। धुआं निकालने के लिए दमकलकर्मियों को कांच तोड़ना पड़ा। विशेष सूट पहने फायरफाइटर्स को अंदर भेजकर आग पर काबू पाया गया।
रश आवर में संकरे रास्ते से निकले यात्री
घटना के बाद पुलिस ने पूरे फूड कोर्ट को रेलिंग लगाकर घेर दिया। सियालदह साउथ और मेन ब्रांच की ओर जाने वाले यात्रियों और टैक्सी ड्राइवरों को काफी संकरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि अगर आग रश आवर में फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फायर डिपार्टमेंट के सूत्रों के अनुसार, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन पूरी तरह बुझाने का काम अभी भी जारी है। आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है।





























