कर्नाटक पुलिस और राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स ने बदुरिया में उसके घर पर तलाशी अभियान चलाया।
बेंगलुरु : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना ज़िले के बदुरिया इलाके के नोआपाड़ा के रहने वाले एक युवक को कर्नाटक के बेंगलुरु में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से संबंध रखने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है। गिरफ़्तार व्यक्ति की पहचान असफ़ुल मलिक के तौर पर हुई है। शनिवार को कर्नाटक पुलिस और राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (STF) ने बदुरिया में उसके घर पर तलाशी अभियान भी चलाया।
कैसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह 2025 से बेंगलुरु के जिगनी इंडस्ट्रियल एरिया में एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम कर रहा था और APC सर्कल इलाके में रहता था। पुलिस ने उसकी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान दिया। इसके बाद, उन्होंने APC सर्कल इलाके में तलाशी ली और असाफुल को गिरफ़्तार कर लिया। कर्नाटक पुलिस के अनुसार, बोम्मासंद्रा इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल का एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। इस जानकारी के आधार पर युवक की तलाश शुरू की गई और उसे APC सर्कल इलाके में ढूंढ लिया गया।
अफ़ग़ान नागरिक से संपर्क
पूछताछ के दौरान आसफ़ुल ने बताया है कि वह ऑनलाइन चरमपंथी गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित हुआ था। कर्नाटक पुलिस के अनुसार, असाफुल ने सोशल मीडिया पर इमरान हैदर नाम के एक अफ़ग़ान नागरिक से संपर्क किया था। पुलिस को शक है कि यह व्यक्ति TTP आतंकवादी संगठन से जुड़ा हुआ है।
जाना चाहता था अफगानिस्तान
असफ़ुल ने अफ़गानिस्तान जाने की योजना बनाई थी और इसके लिए वीज़ा भी अप्लाई किया था। शक है कि वह हैदर की मदद से यह यात्रा करना चाहता था। बाद में पैसों की तंगी के कारण उसने यह योजना छोड़ दी। पुलिस ने असफ़ुल का फ़ोन ज़ब्त कर लिया। पुलिस को असफ़ुल और हैदर के बीच हुई कई बातचीत और वॉइस मैसेज मिले हैं।




























