कोलकाता: दुर्गापुर के बेनचटी की रहने वाली 28 वर्षीय शिल्पा अग्रवाल की लोमहर्षक हत्या हुई थी। इस मामले में दोषी बैंक मैनेजर राजीव कुमार को दुर्गापुर की अदालत के जज प्रशांत चौधरी ने आजीवन क़ैद की सजा दी है । 15 फ़रवरी 2018 को उसका सड़ा गला शव बरामद किया गया था। वह जहाँ रहती थी उसी परिसर में किराए के फ्लैट में रहता था बांकुरा के एक राष्ट्रीयकृत बैंक का मैनेजर राजीव कुमार। आरोप है कि बैंक मित्र के तौर पर काम करने वाली शिल्पा से उसकी दोस्ती हो गई ।
पुलिस के अनुसार 9 फरवरी को राजीव की पत्नी मनीषा अपने रांची स्थित घर गई थी और उसी दिन शिल्पा राजीव के फ्लैट में आई।जांच में पाया गया कि 10 फरवरी को की रात शिल्पा की गला घोंट कर हत्या कर राजीव ने उसका शव परित्यक्त रेफ्रीजिरेटर में रख दिया। 12 फरवरी को मनीषा के रांची से लौटने के बाद सात हज़ार रुपये में एक ट्राली बैग राजीव ने ख़रीदा तथा उसी में शिल्पा का शव भर कर लिफ्ट के सामने एक कमरे में रख दिया।
15 फरवरी को मनीषा ने पुलिस को बताया कि आवासन में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिंगराज तथा जाँच में जुट गयी ।
पुलिस ने प्राथमिक जाँच के बाद राजीव और मनीषा दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजीव ने बताया की शिल्पा शादी के लिए बार बार दबाव दे रही थी। इसीलिए उसकी हत्या कर दी। इस हत्या में सीधे तौर पर मनीषा के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलने के कारण उसे पहले ही रिहा कर दिया गया था । इस मामले में कुल 21 लोगों ने गवाही दी थी। सजा की घोषणा के बाद मनीषा के भाई ने कहा कि पूरे परिवार का गुजारा शिल्पा करती थी। हमने दोषी की फाँसी की सजा की माँग की थी।





























