भाजपा ने स्वामी कार्तिक महाराज को लिखा पत्र
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 22 में स्थित ‘ नवाब लेन ’ का नाम बदलने की मांग उठी है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल मीडिया विभाग के सह-संयोजक चंद्र शेखर बसोतिया ने सड़क नामकरण समिति के सभापति स्वामी कार्तिक महाराज को पत्र लिखा है।
पत्र में बसोतिया ने इलाके की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का हवाला देते हुए ‘नवाब लेन’ का नाम बदलने का अनुरोध किया है। भाजपा की ओर से इस गली के लिए तीन वैकल्पिक नाम भी सुझाए गए हैं— ‘चेतला लेन’, ‘मोटा गणेश लेन’ और ‘जगन्नाथ लेन’।
इलाके में कई प्राचीन मंदिर होने का दिया हवाला
भाजपा नेता ने अपने पत्र में कहा है कि नवाब लेन के आसपास कई प्राचीन और महत्वपूर्ण सनातन धर्म से जुड़े मंदिर तथा देवी-देवताओं के उपासना स्थल मौजूद हैं। इन धार्मिक स्थलों से स्थानीय लोगों की भावनाएं और इलाके की सांस्कृतिक पहचान लंबे समय से जुड़ी हुई है।
पत्र के अनुसार, ऐसे में इलाके के मौजूदा नाम और उसकी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के बीच एक असमानता महसूस होती है। इसी वजह से स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए सड़क का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा गया है।
तीन नामों का प्रस्ताव

भाजपा ने नवाब लेन के लिए तीन नाम सुझाए हैं। इनमें चेतला लेन, मोटा गणेश लेन और जगन्नाथ लेन शामिल हैं। पार्टी का कहना है कि इनमें से किसी नाम को अपनाने से इलाके की स्थानीय धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अधिक स्पष्ट रूप से सामने लाया जा सकता है।
बसोतिया ने पत्र में कहा है कि स्वामी कार्तिक महाराज बंगाल के इतिहास, संस्कृति और सनातन मूल्यों से गहराई से जुड़े हुए हैं। साथ ही, सड़क और रास्तों के नामकरण से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की जिम्मेदारी भी उनके पास है। इसलिए उन्होंने इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है।
नगर निगम के सामने प्रस्ताव रखने की अपील
भाजपा नेता ने स्वामी कार्तिक महाराज से अपील की है कि इस प्रस्ताव को संबंधित अधिकारियों और कोलकाता नगर निगम के समक्ष रखा जाए। उनका कहना है कि इससे स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर विचार हो सकेगा।
पत्र में यह भी कहा गया है कि सड़क का नाम इलाके की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रतिबिंबित करने वाला होना चाहिए। अब देखना होगा कि सड़क नामकरण समिति और कोलकाता नगर निगम इस प्रस्ताव पर क्या फैसला लेते हैं।































