कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम, तृणमूल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुईं टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक अब राज्यसभा पहुंच गई हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा समाप्त होने तक इस सीट पर किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके बाद कोयल मल्लिक को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। विधानसभा सचिव ने उन्हें जीत का प्रमाणपत्र भी सौंप दिया।
टॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने कुछ ही महीनों के भीतर दूसरी बार राज्यसभा पहुंचने का रास्ता साफ कर लिया है। हालांकि, इस बार उनकी राजनीतिक पार्टी बदल गई है। पहले वह तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा पहुंची थीं, जबकि अब उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की है।
तीन महीने में छोड़ी थी राज्यसभा की सदस्यता
इस साल अप्रैल में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा की चार सीटों पर हुए चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इनमें कोयल मल्लिक के अलावा बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार और मेनका गुरुस्वामी शामिल थे।
हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद जुलाई में कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका संसदीय कार्यकाल लगभग तीन महीने का रहा। इस दौरान वह संसद में एक बार भी नजर नहीं आई थीं।
राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद कोयल ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में आना शुरू किया। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल के पार्टी प्रभारी सुनील बंसल से भी मुलाकात की थी।
4 अक्टूबर को भाजपा ने घोषित किया था उम्मीदवार
भाजपा ने 4 अक्टूबर को राज्यसभा उपचुनाव के लिए कोयल मल्लिक को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उस समय तक उनके औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने की घोषणा नहीं हुई थी।
इसके अगले दिन, 5 अक्टूबर को कोयल भाजपा कार्यालय पहुंचीं और पार्टी का झंडा थामकर भाजपा में शामिल हो गईं। इसके बाद उन्होंने पार्टी उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
राज्यसभा की इस सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान निर्धारित था। लेकिन शुक्रवार, 9 अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तारीख समाप्त होने तक किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। ऐसे में मतदान की जरूरत नहीं पड़ी और कोयल मल्लिक निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।
संसद के उच्च सदन में फिर करेंगी वापसी
राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान कोयल मल्लिक ने कहा था कि वह लोगों के लिए काम करना चाहती हैं। अब भाजपा के प्रतिनिधि के तौर पर संसद के उच्च सदन में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभिनेत्री की ओर से अभी तक कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह घटनाक्रम ऐसे दिन सामने आया, जब नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर भी सबकी नजरें थीं। राज्यसभा सीट पर निर्विरोध जीत के साथ भाजपा को एक और राजनीतिक उपलब्धि मिली है।































