कोलकाता : बागेश्वर बाबा के नाम से चर्चित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाने के आरोप में गिरफ्तार दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के महासचिव अतनु दास को सोमवार को बड़ी राहत मिली। गिरफ्तारी के चार दिन बाद अलीपुर कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर दी। इससे पहले अदालत ने उन्हें चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था।
बागेश्वर बाबा की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद
मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हाल ही में लिलुआ में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पूजा के समय मांसाहारी भोजन को लेकर उन्होंने बंगालियों पर टिप्पणी की थी। उनके बयान के बाद राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद शुरू हो गया। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान पर सफाई भी दी थी।
भवानीपुर थाने के सामने हुआ था विरोध प्रदर्शन
इसी विवाद के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भवानीपुर पुलिस स्टेशन के सामने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब विधानसभा में मुख्यमंत्री और पुलिस विभाग के प्रभारी मंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घटना का उल्लेख करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता पुलिस आयुक्त को निर्देश देते हुए कहा था कि पुलिस स्टेशन के सामने तस्वीर जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।
कई धाराओं में मामला दर्ज कर हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने अतनु दास के खिलाफ शांति भंग करने, लोगों को परेशान करने, विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने और नफरत फैलाने जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया। इसके बाद गुरुवार रात भवानीपुर पुलिस ने क्षेत्रमोहन नस्कर लेन स्थित उनके घर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस ने गिरफ्तारी को बताया गलत
अगले दिन अदालत में पेशी के दौरान अतनु के वकील ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन करना संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के दायरे में आता है। वहीं, सरकारी वकील ने दावा किया कि घटना से राज्य की छवि प्रभावित हुई है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पुलिस हिरासत दी थी। सोमवार को अदालत ने उनकी जमानत मंजूर कर दी।
राज्य कांग्रेस महासचिव आशुतोष चटर्जी ने जमानत को “ सच्चाई की जीत ” बताया।































