कूचबिहार : उत्तर बंग कृषि विश्वविद्यालय के एक हॉस्टल से M.Sc. के पहले साल की एक छात्रा का शव मिला। मृत छात्रा का नाम त्रिशा साहा (22) था। वह सिलीगुड़ी के शिबमंदिर इलाके की रहने वाली थी।सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह जब त्रिशा के कमरे का दरवाज़ा काफी देर तक बंद रहा, तो उसके क्लासमेट्स ने उसे आवाज़ दी। जब कोई जवाब नहीं मिला, तो यूनिवर्सिटी अधिकारियों और हॉस्टल इंचार्ज को इसकी जानकारी दी गई और पुंडीबारी पुलिस स्टेशन को भी सूचित किया गया। विश्वद्यालय के अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाज़ा तोड़ा और कमरे में दाखिल हुई, जहाँ त्रिशा का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन घटना के पीछे की वजह अभी साफ़ नहीं है। त्रिशा के मामा पार्थप्रतिम साहा ने बताया कि उन्हें गुरुवार सुबह विश्वविद्यालय से फ़ोन कॉल के ज़रिए इस घटना की जानकारी मिली। उन्हें अभी भी समझ नहीं आ रहा है कि ऐसा कैसे या क्यों हुआ।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार आभास कुमार सिन्हा ने बताया कि त्रिशा हॉस्टल के एक कमरे में रहती थी। सुबह उसके क्लासमेट्स ने उसे कई बार आवाज़ दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने दरवाज़ा तोड़ा तो उसे फंदे से लटका हुआ पाया।





























