सप्तमी-अष्टमी-नवमी पर ब्लू और ग्रीन लाइन की खास सेवा
कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान पंडाल घूमने वालों और मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मेट्रो रेलवे ने पूजा के दिनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए ब्लू, ग्रीन, येलो, पर्पल और ऑरेंज लाइन पर विशेष सेवाओं की योजना बनाई है। महासप्तमी, महाअष्टमी और महानवमी के दौरान ब्लू और ग्रीन लाइन पर देर रात से अगले दिन सुबह तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।
मेट्रो रेलवे के मुताबिक, पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग कॉरिडोर पर सेवा का समय और फेरे बढ़ाए गए हैं।
ब्लू लाइन पर रात 4 बजे तक मेट्रो
ब्लू लाइन पर 15 और 16 अक्टूबर यानी महापंचमी और महाषष्ठी को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक कुल 284 सेवाएं चलेंगी। पीक आवर में मेट्रो 6 मिनट के अंतराल पर मिलेगी।
17 से 20 अक्टूबर यानी महासप्तमी से महानवमी तक ब्लू लाइन पर रोजाना 248 सेवाएं चलेंगी। सेवा दोपहर 1 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह करीब 4 बजे तक चलेगी। पीक आवर में ट्रेनें 6 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी।
इन दिनों आखिरी ट्रेन रात 3:46 बजे दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम और 3:48 बजे शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर के लिए रवाना होगी। इसके अलावा रात 4 बजे शहीद खुदीराम से दमदम और दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार के लिए भी ट्रेन उपलब्ध होगी।
दशमी यानी 21 अक्टूबर को ब्लू लाइन पर 140 सेवाएं चलेंगी। मेट्रो दोपहर 1 बजे से रात 10:30 बजे तक चलेगी।
ग्रीन लाइन पर भी रातभर सेवा
ग्रीन लाइन पर भी पंडाल हॉपिंग करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। 15 और 16 अक्टूबर को कुल 240 सेवाएं सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक चलेंगी। पीक आवर में ट्रेनें 6 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी।
17 से 20 अक्टूबर तक ग्रीन लाइन पर रोजाना 192 सेवाएं चलेंगी। दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाली सेवा अगले दिन सुबह 3:59 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान पीक आवर में 8 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी।
दशमी के दिन 21 अक्टूबर को ग्रीन लाइन पर 74 सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस दिन सेवा दोपहर 1:30 बजे से रात 10:30 बजे तक चलेगी और ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी।
येलो लाइन पर भी बढ़ेंगी सेवाएं
येलो लाइन पर 15 और 16 अक्टूबर को कुल 120 सेवाएं चलेंगी। सेवा सुबह 7:18 बजे से रात 9:20 बजे तक उपलब्ध रहेगी। पीक आवर में ट्रेनें 12 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।
17 से 20 अक्टूबर तक रोजाना 72 सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दोपहर 3 बजे से रात 10:53 बजे तक ट्रेनें चलेंगी। दशमी के दिन 62 सेवाएं चलाई जाएंगी।
पर्पल लाइन पर 15 से 21 अक्टूबर तक विशेष सेवा
पर्पल लाइन पर महापंचमी और महाषष्ठी के दिन रोजाना 84 सेवाएं चलेंगी। सुबह 6:40 बजे से रात 9:26 बजे तक मेट्रो उपलब्ध रहेगी।
17 से 21 अक्टूबर तक रोजाना 38 सेवाएं चलेंगी। इन दिनों दोपहर 3 बजे से रात 10:55 बजे तक जॉका से माझेरहाट और वापसी की सेवा उपलब्ध रहेगी।
ऑरेंज लाइन पर सप्तमी से दशमी तक सेवा बंद
ऑरेंज लाइन पर 15 और 16 अक्टूबर को 62 सेवाएं चलेंगी। सुबह 7:40 बजे से रात 8:45 बजे तक कवी सुभाष और बेलेघाटा के बीच मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।
हालांकि, 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर यानी महासप्तमी से दशमी तक ऑरेंज लाइन पर कोई मेट्रो सेवा नहीं चलेगी।
यात्रियों से मेट्रो की अपील
मेट्रो रेलवे ने यात्रियों से भीड़ से बचने के लिए पहले से स्मार्ट कार्ड खरीदने या AAMAR KOLKATA METRO ऐप के जरिए टिकट बुक करने की अपील की है। यात्रियों से कहा गया है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले QR आधारित मोबाइल टिकट ले लें, ताकि टिकट काउंटर पर भीड़ से बचा जा सके।
मेट्रो ने खास तौर पर ब्लू और ग्रीन लाइन के यात्रियों से अपील की है कि पीक आवर में ट्रेनें कम अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी, इसलिए किसी एक ट्रेन में जरूरत से ज्यादा भीड़ न करें और दरवाजे को रोकने की कोशिश न करें। अगर ट्रेन में अधिक भीड़ हो, तो अगली ट्रेन का इंतजार करने की सलाह दी गई है।
मेट्रो रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के सफर करने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों के सहयोग से अतिरिक्त सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सकेगा।































