मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने की उच्चस्तरीय समीक्षा
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने मंगलवार को दो महत्वपूर्ण विभागों—लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग—की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें कर राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठकों में पेयजल, सड़क अवसंरचना और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन के तहत 31 जुलाई तक 4100 गांवों का लक्ष्य
निजालय में आयोजित PHED विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री डॉ. पोद्दार ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई 2026 तक जल जीवन मिशन के तहत 4100 गांवों में शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर उनका प्रमाणन (Certification) सुनिश्चित किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान विभाग के आगामी पांच वर्षों के विज़न प्लान और 31 मार्च 2027 तक की एक वर्षीय एक्शन प्लान को अंतिम रूप दिया गया, ताकि सभी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर की महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य और विभागीय सचिव रणधीर कुमार भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
इसके बाद नवान्न स्थित पीडब्ल्यूडी सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने PWD (सड़क) के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा पश्चिम बंगाल में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और समयबद्ध निष्पादन पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
इसके अलावा, डीपीआर (Detailed Project Report) चरण में प्रस्तावित नई ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर भी व्यापक चर्चा की गई। राज्य के सड़क नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने तथा बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विभाग के आगामी पांच वर्षों के विज़न एवं विकास रोडमैप की भी समीक्षा की गई। आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना के विकास तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
मंत्री डॉ. पोद्दार ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और प्रत्येक कार्य को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय सचिव अंतरा आचार्य सहित राष्ट्रीय राजमार्ग विंग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





























