‘बंग विभूषण’ तो गया ही, FIR भी दर्ज
कोलकाता : गुरुवार को उनसे ‘बंग विभूषण’ सम्मान वापस ले लिया गया। चौबीस घंटे भी नहीं बीते थे कि बीजेपी के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय,जिन्हें अनंत महाराज के नाम से भी जाना जाता है और मुश्किल में पड़ गए। कूचबिहार ज़िले की पुलिस ने अब उनके ख़िलाफ़ FIR दर्ज किया है।पुलिस ने यह कार्रवाई एक स्थानीय निवासी की शिकायत पर की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
नेताजी पर की थी अपमानजनक टिप्पणी
अनंत पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप हैं। उन्होंने कहा था कि भारत की आज़ादी में नेताजी की कोई भूमिका नहीं थी और उन पर आज़ाद हिंद फ़ौज का गलत इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। उनकी टिप्पणियों पर विवाद होने के बाद राज्य सरकार ने कार्रवाई की।
ममता ने दिया था सम्मान, सुवेंदु ने लिया वापस
फरवरी 2021 में, ममता बनर्जी की सरकार ने अनंत महाराज को राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंग विभूषण’ से सम्मानित किया था। गत गुरुवार को राज्य सरकार ने एक बयान जारी कर घोषणा की कि यह सम्मान वापस लिया जा रहा है। इसके पहले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि नेताजी का असम्मान करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार की तरफ से कहा गया कि अनंत महराज की कुछ गतिविधियों का विश्लेषण और उन पर विचार करने के बाद यह तय किया गया कि उनके पास ‘बंग विभूषण’ पुरस्कार का होना, इस सम्मान से जुड़ी गरिमा और प्रतिष्ठा के अनुकूल नहीं है।
सरकार की कार्रवाई के बाद जताया था खेद
उसी रात बाद में ग्रेटर कूच बिहार डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ने खेद व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि नेताजी के बारे में उनकी टिप्पणी अनजाने में की गई थी। अगर उनकी बातों से किसी को दुख पहुँचा है, तो उन्हें इसका अफ़सोस है। एक वीडियो में अनंत ने कहा, “नेताजी के सम्मान में, अगर उनके बारे में मेरी अनजाने में कही गई कुछ बातों से किसी को दुख पहुँचा है, तो मैं दिल से माफ़ी माँगता हूँ।” वीडियो के ऊपर “नेताजी के सम्मान में वीडियो संदेश” लिखा हुआ था।
पुलिस ने दर्ज की FIR
अफ़सोस ज़ाहिर करने के बावजूद वह बच नहीं पाए। पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ FIR दर्ज कर ली। कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी ने बताया कि कूचबिहार के वार्ड नंबर 10 के एक निवासी ने 7 अगस्त को अनंत महाराज के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत नेताजी के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर दर्ज कराई गई है।
साइबर सेल ने कार्रवाई शुरू की
सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि सोशल मीडिया पर नेताजी के बारे में अपमानजनक बातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उनके निर्देश पर साइबर सेल ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे राज्य में ऐसी पोस्ट की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। सुवेंदु ने चेतावनी दी थी कि पोस्ट डिलीट करने से कोई बच नहीं पाएगा। क्या पुलिस अनंत के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी? यह पूछने पर सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।




























