कोलकाता: बड़ाबाजार के पोस्ता थाना क्षेत्र में बुधवार शाम कथित तौर पर दिनदहाड़े डकैती की घटना से कारोबारी वर्ग में हड़कंप मच गया। घटना 119, कॉटन स्ट्रीट स्थित एक कारोबारी की गद्दी में हुई, जहां हथियार दिखाकर पैसों से भरा बैग लेकर चार लोगों के फरार होने की बात सामने आई है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे चार लोग कॉटन स्ट्रीट स्थित कारोबारी के ऑफिस में पहुंचे। बताया जा रहा है कि कारोबारी की गद्दी इमारत की पहली और तीसरी मंजिल पर है। आरोप है कि हथियार दिखाकर कारोबारी से पैसों से भरा बैग ले लिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।सूत्रों के अनुसार, संबंधित कारोबारी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और पिछले करीब डेढ़ साल से कॉटन स्ट्रीट स्थित गद्दी से अपना कारोबार संचालित कर रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास तौर पर बड़ाबाजार जैसे व्यस्त कारोबारी इलाके में दिन के समय कथित डकैती की घटना सामने आने से स्थानीय व्यवसायियों में चिंता और दहशत का माहौल है।हालांकि, घटना में कितनी रकम लूटी गई और आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले पर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




























