बोले- “बंगाल में अब गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं”
कोलकाता : CM Suvendu Adhikari ने सोमवार को कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में बुलडोजर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों पर हुए पथराव के बाद सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी सरकार की “वैंडलिज्म और हिंसा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति” है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तिलजला हिंसा स्थल का दौरा करने पहुंचे अधिकारी ने कहा कि अब बंगाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा,“ऐसी घटनाएं अब कश्मीर में भी नहीं होतीं। बंगाल में लोगों को लगने लगा था कि सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी। लेकिन अब पुलिस कानून के मुताबिक सख्ती से कार्रवाई करेगी।”मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वह दौर खत्म हो चुका है जब पुलिसकर्मी घायल होते थे और पुलिस मंत्री एयर कंडीशन कमरे में बैठकर सब देखते रहते थे।उन्होंने कहा,“अब बंगाल से गुंडागर्दी को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।”
सरकार के मुताबिक, रविवार को हुई हिंसा में छह पुलिसकर्मी और दो सीआरपीएफ जवान घायल हुए हैं। मामले में अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।Amit Shah से बातचीत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में तैनात 40 कंपनियों के अर्धसैनिक बलों को फिलहाल राज्य में बनाए रखने का अनुरोध किया है, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक नारों का गलत इस्तेमाल कर माहौल बिगाड़ने या पथराव जैसी घटनाओं को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल, रविवार को Tiljala के पार्क सर्कस इलाके में अवैध निर्माण हटाने के लिए प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई कर रहा था। यह कार्रवाई एक फैक्ट्री में लगी आग के बाद की जा रही थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क जाम कर दिया और बाद में पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालांकि बाद में पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया, लेकिन इलाके में अब भी भारी पुलिस बल तैनात है।

























