हावड़ा : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा में नए लोगों के शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसी बीच हावड़ा के डोमजूर में पार्टी के भीतर रंगदारी को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि रंगदारी का विरोध करने पर भाजपा के एक पुराने कार्यकर्ता की पार्टी में हाल ही में शामिल हुए एक कार्यकर्ता ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना मंगलवार को डोमजूर के बेगड़ी इलाके में हुई। गंभीर रूप से घायल भाजपा कार्यकर्ता केष्टो नस्कर को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डोमजूर थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चाय की दुकान पर रंगदारी के खिलाफ उठाई थी आवाज
मिली जानकारी के अनुसार, केष्टो नस्कर जगतबल्लभपुर के चार नंबर मंडल के कोषाध्यक्ष हैं। उनका आरोप है कि दो दिन पहले इलाके की एक चाय की दुकान पर उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के रंगदारी के खिलाफ सख्त रुख का जिक्र किया था।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के दो कार्यकर्ताओं का नाम लेते हुए कहा था कि भाजपा के नाम पर इलाके में रंगदारी करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोप है कि उनकी इसी टिप्पणी से नाराज होकर उन पर हमला किया गया।

बाजार से लौटते समय रास्ते में गिराकर पीटा
केष्टो के मुताबिक, मंगलवार को बाजार से घर लौटते समय स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता शिवशंकर मजूमदार ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और जमीन पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने उनके चेहरे और नाक पर मुक्के मारे। वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद उन पर लात-घूंसों से हमला जारी रहा।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले डोमजूर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
परिवार का दावा, लंबे समय से भाजपा से जुड़ा है परिवार
घायल के बड़े भाई श्यामल नस्कर ने बताया कि उनका पूरा परिवार लंबे समय से भाजपा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हाथों उनके परिवार पर हमले हुए थे।
श्यामल का आरोप है कि शिवशंकर मजूमदार को पहले इलाके में भाजपा की गतिविधियों में सक्रिय रूप से नहीं देखा गया था। रंगदारी का विरोध करने की वजह से ही उनके भाई को निशाना बनाया गया।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही है तलाश
घटना को लेकर डोमजूर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी शिवशंकर मजूमदार फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य कई बार पार्टी कार्यकर्ताओं को रंगदारी से दूर रहने की सख्त चेतावनी दे चुके हैं। इसके बावजूद पार्टी के भीतर रंगदारी को लेकर विवाद और मारपीट के आरोप सामने आने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।































