दमकल की कई गाड़ियां मौके पर; लगातार हो रही आगजनी से बढ़ी चिंता
कोलकाता : महानगर में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को कोलकाता के मल्लिक बाजार इलाके में एक कपड़े के गोदाम में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। इलाका काफी घना और संकरी गलियों वाला होने के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एजेसी बोस रोड स्थित गोदाम में लगी आग
जानकारी के अनुसार, मल्लिक बाजार इलाके में एजेसी बोस रोड स्थित एक मकान में कपड़े का गोदाम था। बुधवार दोपहर वहां अचानक आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी।

आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने सबसे पहले खुद ही आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। खबर मिलते ही दमकल की गाड़ियां एक के बाद एक घटनास्थल पर पहुंचने लगीं। आग की तीव्रता अधिक होने और आसपास घनी आबादी होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद घटना की जांच की जाएगी। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि गोदाम में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।

पिछले कुछ दिनों में कोलकाता में आग की कई घटनाएं
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। पिछले सप्ताह लगातार दो दिनों तक महानगर में आगजनी की घटनाएं हुई थीं।
19 नवंबर को पाम एवेन्यू इलाके की एक झुग्गी बस्ती में आग लग गई थी। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी थी। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इससे एक दिन पहले 18 नवंबर को कालीघाट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक ढाबे में आग लग गई थी। दमकल की दो गाड़ियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया था।
महाकरण और साउथ सिटी में भी हो चुकी हैं आग की घटनाएं
इस महीने की शुरुआत में महाकरण के पीछे स्थित एक मकान में आग लग गई थी। आग बुझाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों को लगाया गया था। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं, इससे कुछ दिन पहले कोलकाता के प्रतिष्ठित साउथ सिटी कॉम्प्लेक्स के टावर नंबर तीन की 28वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लग गई थी। दमकल की सात गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई थी।
सितंबर महीने में भी कोलकाता के विभिन्न इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच मल्लिक बाजार के गोदाम में लगी आग ने एक बार फिर महानगर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।































