कुरुक्षेत्र में 5 से 25 दिसंबर तक आयोजन
कोलकाता/कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आगामी 5 से 25 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष पश्चिम बंगाल को इस महोत्सव में पार्टनर स्टेट के रूप में शामिल किया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पश्चिम बंगाल की भी विशेष भागीदारी रहेगी।
पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री उमेश राय ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से सौंपे गए दायित्व का निर्वहन करते हुए वह कुरुक्षेत्र पहुंचे और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल हुए।
नायब सिंह सैनी के साथ प्रेस वार्ता में शामिल हुए उमेश राय
उमेश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने कुरुक्षेत्र पहुंचकर महोत्सव से संबंधित प्रेस वार्ता में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पश्चिम बंगाल की भागीदारी को लेकर जानकारी साझा की गई।
स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का मिला आशीर्वाद

इस अवसर पर गीता मनीषी पूज्य स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का सान्निध्य और आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को देश-विदेश तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
5 से 25 दिसंबर तक चलेगा महोत्सव
कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव देश के प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल है। इस वर्ष पश्चिम बंगाल के पार्टनर स्टेट बनने से महोत्सव में राज्य की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
































