कोलकाता : कोलकाता मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। खराब मौसम और बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए मेट्रो रेलवे ने रविवार, 22 नवंबर को होने वाले रखरखाव कार्य को स्थगित कर दिया है। इसके चलते इस रविवार ब्लू लाइन (दक्षिणेश्वर-शहीद खुदीराम) पर पूरे रूट में सामान्य समय-सारणी के अनुसार मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों को बीच के स्टेशनों पर मेट्रो बदलने या वैकल्पिक परिवहन की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
खराब मौसम के कारण लिया गया फैसला
मेट्रो रेलवे ने शुक्रवार को जारी अधिसूचना में बताया कि 22 नवंबर को ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेकर रखरखाव का काम किया जाना था। लेकिन खराब मौसम और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए इस काम को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
इसका मतलब है कि रविवार को सुबह 9 बजे से ब्लू लाइन पर सामान्य रूप से मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी। दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक पूरे मार्ग पर परिचालन जारी रहेगा।
लगातार पांच रविवार को होना था रखरखाव का काम
गौरतलब है कि मेट्रो प्रशासन ने करीब डेढ़ सप्ताह पहले घोषणा की थी कि रखरखाव कार्य के कारण पांच रविवार को ब्लू लाइन पर आंशिक रूप से मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी।
इसके लिए 15, 22 और 29 नवंबर के अलावा 6 और 13 दिसंबर की तारीखें निर्धारित की गई थीं। योजना के अनुसार, इन दिनों सुबह से शाम तक करीब नौ घंटे मेट्रो सेवाओं में बदलाव किया जाना था।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 15, 22 और 29 नवंबर तथा 6 दिसंबर को शहीद खुदीराम से महानायक उत्तम कुमार (टॉलीगंज) स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा बंद रखने की योजना थी। वहीं, 13 दिसंबर को शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन तक सेवाएं प्रभावित होनी थीं।
ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेकर होना था काम
मेट्रो प्रशासन के अनुसार, 15, 22 और 29 नवंबर तथा 6 दिसंबर को शहीद खुदीराम और टॉलीगंज के बीच पटरियों और अन्य जरूरी उपकरणों का रखरखाव किया जाना था। इसके लिए सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेने की योजना थी।
इस दौरान शहीद खुदीराम से टॉलीगंज तक मेट्रो परिचालन बंद रहता, जबकि टॉलीगंज से दक्षिणेश्वर के बीच सेवाएं सामान्य रूप से चलतीं।
हालांकि, 22 नवंबर के लिए यह व्यवस्था अब लागू नहीं होगी। मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उस दिन पूरे ब्लू लाइन कॉरिडोर पर सामान्य परिचालन होगा।
चक्रवात अक्वान के असर से बदला कार्यक्रम
दरअसल, चक्रवात ‘अक्वान’ के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश भी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार सुबह के बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन दक्षिण बंगाल में इसका सिलसिला जारी रहेगा। रविवार को भी विभिन्न जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, सोमवार से बारिश की आशंका नहीं जताई गई है।
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मेट्रो प्रशासन ने रविवार का रखरखाव कार्य स्थगित करने का फैसला किया है। इससे सप्ताहांत में मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
































