पुलिस वैन में ले गई पुलिस; दीपके के बाद नेहा भी हिरासत में
नई दिल्ली/कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में धरने पर बैठी थीं। पुलिस उन्हें वाहन में बैठाकर ले गई। ममता के साथ तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन, सामिरुल इस्लाम और प्रतिमा मंडल को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शनिवार को राजधानी दिल्ली में तेज हो गया। ककरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की है। इस विरोध प्रदर्शन के समर्थन में विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेता भी सड़क पर उतरे।
दिल्ली में 400 से अधिक लोग हिरासत में
प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खबरों के मुताबिक, अब तक 400 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें ककरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका भी शामिल हैं। इन नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया।
इसी बीच ममता बनर्जी भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में धरने पर बैठ गईं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें और उनके साथ मौजूद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद राजधानी की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस पर पत्थर फेंकने का आरोप
दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना भी सामने आई है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर करीब 50 प्रदर्शनकारी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, इस समूह के सभी लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, पथराव की घटना और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन से बढ़ा तनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ककरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में कई जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। SIR के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। इसी मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
शनिवार को हिरासत में लिए गए नेताओं और ममता बनर्जी के धरने के बाद यह मामला और गरमा गया है। फिलहाल दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।































