कैमैक स्ट्रीट मामले में फिर पूछताछ की तैयारी
कोलकाता : कैमक स्ट्रीट मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी से पुलिस एक बार फिर पूछताछ करना चाहती है। बुधवार शाम शेक्सपियर सरणी थाने के अधिकारी उन्हें नोटिस देने कालीघाट स्थित उनके आवास पर पहुंचे। हालांकि, नोटिस लेने के लिए घर पर कोई मौजूद नहीं था। अभिषेक बनर्जी फिलहाल दिल्ली में हैं। पुलिस को बताया गया कि नोटिस जिस व्यक्ति के नाम है, वह शहर से बाहर है। इसके बाद पुलिस नोटिस वापस लेकर लौट गई।
अभिषेक बनर्जी के बाद पुलिस की टीम पूर्व आईपीएस अधिकारी हुमायूं कबीर के आवास पर भी पहुंची। कैमैक स्ट्रीट मामले में उनका नाम आरोपियों में शामिल है। पुलिस इस सप्ताह उनसे भी पूछताछ करना चाहती है। हालांकि, बुधवार शाम उनके घर का दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद किसी ने दरवाजा नहीं खोला, जिसके कारण नोटिस नहीं दिया जा सका।
क्या है कैमैक स्ट्रीट मामला?
यह मामला 27 अगस्त को कैमैक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय के बाहर लगे एक बिलबोर्ड को हटाने के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। बिलबोर्ड हटाने को लेकर पुलिस, कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों और अभिषेक समर्थकों के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ था। इस दौरान धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति भी बनी।
पुलिस अधिकारियों के भवन की छत पर पहुंचने और तृणमूल कांग्रेस के नाम तथा चुनाव चिह्न वाले बिलबोर्ड को हटाने को लेकर भी विवाद हुआ था। पुलिस और नगर निगम की ओर से कथित तौर पर कहा गया था कि बिलबोर्ड नियमों के अनुरूप नहीं था और सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय था। बाद में उसी स्थान पर तृणमूल के नाम और चुनाव चिह्न वाला एक बैनर लगाए जाने की बात सामने आई।
घटना के बाद शेक्सपियर सरणी थाने में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गईं। इन मामलों की जांच पुलिस कर रही है।
पहले भी हो चुकी है अभिषेक से पूछताछ
तीन एफआईआर में से एक मामले में पुलिस पहले ही अभिषेक बनर्जी से पूछताछ कर चुकी है। डायमंड हार्बर के सांसद शेक्सपियर सरणी थाने में पेश हुए थे और कई घंटे तक पुलिस अधिकारियों के सवालों का जवाब दिया था।
अब इसी मामले में पुलिस उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस 9 अक्टूबर, शुक्रवार को उन्हें पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में थी। हालांकि, बुधवार को नोटिस स्वीकार नहीं किए जाने के कारण अब पूछताछ की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
दिल्ली में हैं अभिषेक
इस बीच पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो चुके हैं और शुक्रवार को मतगणना होनी है। इसी दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन जारी है।
अभिषेक बनर्जी भी ममता बनर्जी के साथ दिल्ली में हैं। वहां उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बैठक की है। ऐसे में अब सवाल यह है कि पुलिस नोटिस किस तरह अभिषेक तक पहुंचाएगी और पूछताछ के लिए अगली तारीख क्या तय की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से नोटिस दिए जाने की कोशिश की गई है, लेकिन अभिषेक के आवास पर नोटिस स्वीकार नहीं होने के कारण मामला आगे की प्रक्रिया पर निर्भर है।































